|
जयपुर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुंबई में आतंकी हमले को बड़ी घटना बताते हुए कहा कि इसमें कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। ऐसी घटनाओं से सबक लेना होगा। पूरा मुल्क एकजुट है। हम सब एकजुट होंगे तभी आतंकवादियों के हौंसले पस्त होंगे। गहलोत गुरुवार रात यहां न्यू सांगानेर रोड पर कांग्रेस प्रत्याशी प्रतापसिंह खाचरियावास, लुहारों का खुर्रा पर आदर्श नगर क्षेत्र के प्रत्याशी माहिर आजाद एवं पीली की तलाई में आमेर क्षेत्र के प्रत्याशी गंगासहाय शर्मा के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे नकारा, संवेदनहीन एवं भ्रष्ट हैं। यह बात उनकी ही पार्टी भाजपा के नेता कह रहे हैं। भाजपा सरकार में 5 साल तक जूतम-पैजार चलती रही। गहलोत ने कहा कि भाजपा ने उमाभारती को तीन दिन में हटा दिया था। अगर हाईकमान चाहता तो वसुंधरा राजे की छुट्टी बहुत पहले ही हो जाती। गहलोत ने भ्रष्टाचार एवं जमीनों की दलाली के मुद्दे उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने भू-माफिया की भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि कवास में बाढ़ का मामला हो या सोहेला में गोलीकांड, जयपुर में बम धमाके और जोधपुर में चामुंडा मंदिर हादसा, ऐसी घटनाओं में सोनिया गांधी या राहुल गांधी आए और लोगों को ढांढस बंधाया लेकिन भाजपा के बड़े नेता जयपुर के अलावा कहीं नहीं आए। इसलिए उन्हें वोट मांगने का अधिकार नहीं है। यह अधिकार केवल सोनिया गांधी को है। गहलोत ने कहा कि वसुंधरा राजे अपनी पार्टी की हार की बौखलाहट में अपने चरित्र हनन एवं छाती पर पैर रखकर जीतकर आने की बात कह रही हैं, जबकि उनकी पार्टी के नेताओं ने ही उन पर आरोप लगाए हैं।