|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. शिवपुरी, श्योपुर और दतिया में रात 7 बजे तक मतदान चला। भिंड-मुरैना में वही हुआ जिसकी आशंका थी। फायरिंग, पीठासीन अधिकारी पर चाकू से जानलेवा हमला और पार्टी कार्यकर्ताओं में संघर्ष के बीच अंचल में 60 फीसदी औसत मतदान होने की प्रारंभिक खबर है।
श्योपुर: शाम को 5 बजे मतदाताओं में अचानक जागे उत्साह के कारण मतदान रात 7 बजे तक चला। आधा दर्जन मतदान केन्द्रों पर छिटपुट घटनाओं के बीच जिले में 64 प्रतिशत मतदान का आकलन किया गया है।
शिवपुरी: यहां भी कुछ पोलिंग बूथ पर मतदान 7 बजे तक कराना पड़ा। जिले के पोहरी और पिछोर विधानसभा के अलावा अन्य क्षेत्रों में मतदान शांतिपूर्ण रहा। मड़ीखेड़ा के विस्थापितों द्वारा बहिष्कार की घोषणा के बीच पुलिस द्वारा जबरन वोट डलवाने का आरोप भी सामने आया है।
मुरैना: पिछले विधानसभा चुनाव से तुलना करें तो इस बार हिंसा अधिक नहीं हुई। 60 फीसदी मतदान का आकलन निर्वाचन अधिकारियों का है। जिले के पांच पोलिंग बूथ पर रीपोल होगा। शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में गुरुवार की शाम साढ़े चार बजे ताबड़तोड़ फायरिंग हो गई। दो पक्षों के बीच पशु अस्पताल की पोलिंग पर विवाद हुआ और गोलियां चलने लगीं।
दतिया: जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में करीब 65 प्रतिशत मतदान का अनुमान लगाया गया है। यहां मतदाताओं में वोट के लिए उत्साह दोपहर बाद ही जागा। शहर के वार्ड क्रमांक 7 और एक धर्मशाला में बनाए गए केन्द्र पर शाम 7 बजे तक मतदान कराना पड़ा।
भिंड: चुनावी हिंसा में तीन लोग घायल हुए। प्रशासनिक अफसरों की बात मानें तो यह सामान्य घटनाएं हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में चुनावी हिंसा के दौरान 7 लोग मारे गए थे। शाम 6 बजे तक मतदान 55 प्रतिशत आंका गया है।
ग्वालियर: दिन भर चली अफवाहों के बीच जिले में 56 प्रतिशत औसत मतदान हुआ। भितरवार क्षेत्र के एक गांव में हुए कार्यकर्ताओं के बीच संघर्ष के अलावा उपनगर ग्वालियर में कुछ नोंक-झोंक हुई।