Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

बसपा प्रत्याशी के पुत्र को बंधक बनाया

शिवपुरी. पोहरी विधानसभा क्षेत्र के गांव देवरी खुर्द में मतदान कार्य में गड़बड़ी के कारण बवाल मच गया। यहां ग्रामीणों ने बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला के पुत्र आशीष शुक्ला और उसके आधा दर्जन समर्थकों की पिटाई लगाई और बंधक बना लिया। साथ ही मतदान कार्य अवरुद्ध कर दिया। बाद में इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। दूसरी ओर बसपा कार्यकर्ताओं ने इस गांव में किरार समाज के लोगों द्वारा बसपा कार्यकर्ताओं को मतदान करने से रोकने का आरोप लगाया और कहा कि बसपा कार्यकर्ताओं के दुपहिया वाहन भी तोड़ दिए गए।

देवरीखुर्द के ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार को मतदान के अंतिम समय में बसपा प्रत्याशी हरिबल्लभ शुक्ला के पुत्र आशीष शुक्ला ने अपने समर्थकों के साथ गांव में पहुंचकर उत्पात मचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि आशीष ने वहां फर्जी मतदान कराने का प्रयास किया, जिसका एक महिला ने जब विरोध किया तो कथित तौर पर आशीष ने उसमें चांटा मार दिया।

बताया जाता है कि इसके बाद पूरा गांव आक्रोशित होकर लामबंद हो गया और आशीष की पिटाई कर दी, इस दौरान आशीष ने मोबाइल करके अपने दोस्तों को भी बुलाया, लेकिन ग्रामीणों ने उसके दोस्तों को भी पकड़कर पिटाई लगा दी । जब यह खबर हरिवल्लभ शुक्ला सहित पुलिस को लगी तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया।

इसके बाद ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए आशीष एवं उसके मित्रों को पुलिस के हवाले कर दिया है। पोहरी पुलिस उक्त सभी लोगों को पकड़कर थाने ले आई। ं बसपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि ग्राम देवरीखुर्द में किरार समाज के लोगों ने दलित मतदाताओं को वोट डालने से रोकने का प्रयास किया और विरोध करने पर उन्होंने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है।

दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी प्रहलाद भारती का कहना था कि बसपा प्रत्याशी के पुत्र ने गांव में आतंक मचाने और फर्जी मतदान करने का प्रयास किया, इसके विरोध में ग्रामीणों ने उन्हें दबोच कर पुलिस के हवाले किया। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस जांच कर रही थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: