|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. स्नातक एवं स्नातकोत्तर की मुख्य वार्षिक परीक्षा 2009 में सम्मिलित होने वाले विद्यार्थी केवल उसी कालेज से परीक्षा आवेदन-पत्र जमा कर सकेंगे जहां से पिछली परीक्षा उत्तीर्ण की है। अन्य कालेज से परीक्षा आवेदन-पत्र जमा करने पर निरस्त कर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा आवेदन-पत्र भरने के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं।
स्नातक प्रथम वर्ष एवं स्नातकोत्तर पूर्वार्ध के परीक्षार्थियों को परीक्षा आवेदन-पत्र के साथ ओएमआर शीट भरना होगी। इसमें परीक्षार्थी का नाम, माता-पिता का नाम, कालेज कोड, क्लास कोड, नामांकन क्रमांक, वर्ष की परीक्षा का प्राप्तांक, श्रेणी एवं विषय के कॉलम भरना होंगे। विभागाध्यक्ष एवं कालेज के प्राचार्यो से अनुरोध किया गया है कि वे ओएमआर शीट्स भरवाने में परीक्षार्थियों की मदद करें।
प्रति परीक्षार्थी एक सौ रुपए का अर्थदण्ड : परीक्षार्थियों की भरी हुई ओएमआर शीट्स विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए गए लिफाफे में कक्षावार रखकर विश्वविद्यालय को भेजना होगी। ओएमआर शीट्स स्टेपल, मुड़ी हुई, टेग की हुई अथवा आलपिन लगी हुई नहीं होना चाहिए। ऐसा होने पर संबंधित कालेज से प्रति परीक्षार्थी एक सौ रुपए अर्थदण्ड लिया जाएगा।
आवेदन-पत्र पहुंचाए : स्नातक द्वितीय वर्ष, तृतीय वर्ष एवं स्नातकोत्तर उत्तरार्ध की सभी कक्षाओं के संस्थागत एवं असंस्थागत परीक्षार्थियों के परीक्षा आवेदन-पत्र संबंधित कालेज में पहुंचा दिए गए हैं। विद्यार्थी अपनी पूर्व की कक्षा के परीक्षा अनुक्रमांक के अनुसार कालेज परीक्षा आवेदन-पत्र प्राप्त कर सकते हैं।
छह दिसम्बर तक जमा होंगे परीक्षा फार्म : मुख्य वार्षिक परीक्षा 2009 में बीए, बीएससी, बीकाम, बीएचएससी, बीलिब साइंस, डीपीएड के असंस्थागत(प्राइवेट) परीक्षार्थी तथा इन्हीं पाठ्यक्रमों के द्वितीय वर्ष, तृतीय वर्ष, पूरक द्वितीय अवसर के संस्थागत एवं असंस्थागत परीक्षार्थी छह दिसम्बर तक संबंधित कालेज में परीक्षा आवेदन-पत्र जमा कर सकेंगे। इसी तरह स्नातकोत्तर स्तर की पूर्वार्ध परीक्षा में असंस्थागत परीक्षार्थी एवं उत्तरार्ध परीक्षा के संस्थागत व असंस्थागत परीक्षार्थी भी छह दिसम्बर तक परीक्षा आवेदन-पत्र जमा कर सकेंगे।
कालेजों से परीक्षा आवेदन-पत्र विश्वविद्यालय में जमा करने की अंतिम तिथि 10 दिसम्बर निर्धारित है। तीन सौ रुपए विलंब शुल्क के साथ परीक्षा आवेदन-पत्र आठ दिसम्बर से 12 दिसम्बर तक कालेजों में एवं 15 दिसम्बर तक कालेजों से विश्वविद्यालय में जमा किए जा सकेंगे। एक हजार रुपए विशेष विलंब शुल्क के साथ आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 से 27 दिसम्बर तक निर्धारित की गई है।