|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मुंबई में बम धमाके और फायरिंग की घटना के बाद शहर पुलिस भी सतर्क रही। शहर की सीमाओं पर चेकिंग अभियान चलाया गया। रात में होटल और लॉज की चेकिंग भी पुलिस ने की। बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) की टीम ने भी भीड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए थे कि वे वाहनों के कागजात चेक करने के साथ ही इसमें रखे सामान को चेक करें। कागजात देखने के बाद भी कोई शंका लगे तो ऐसे वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर और वाहन चालकों के नाम-पते भी दर्ज कर लिए जाएं।
चुनाव कार्य से निपटने के बाद चेकिंग
पुलिस ने चुनाव कार्य के निपटने के बाद गुरुवार की रात को होटल और धर्मशालाओं की चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस यहां ठहरने वालों के बारे में जानना चाहती थी कि वे शहर में किस उद्देश्य ये आए हैं ?
साइबर कैफे संचालकों को निर्देश
पुलिस ने साइबर कैफे और पीसीओ पर भी नजर रखी, पुलिस अधिकारियों ने निर्देश दिए थे कि पीसीओ पर आईएसडी फोन करने वालों के फोन नंबर पीसीओ संचालक नोट करके रखे, साइबर कैफे संचालकों से भी कहा गया था कि यूजर्स के नाम-पते नोट करके अपने पास रखें।
बम डिस्पोजल स्क्वाड ने की चेकिंग
बम डिस्पोजल स्क्वाड गुरुवार की सुबह से चेकिंग के लिए निकला था, स्क्वाड ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, महाराज बाड़े के साथ-साथ एलएनआईपीई में भी बनाए गए स्ट्रांग रूम की भी चेकिंग की।