|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. सोनडोंगरी स्थित एक इस्पात फैक्ट्री का सुपरवाइजर बुधवार को पांच लाख रुपए लेकर भाग गया। वह मालिक की बाइक और महंगा मोबाइल भी ले गया है। आमानाका पुलिस आरोपी के खिलाफ अमानत में खयानत का प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक वारदात कल रात 10.30 बजे की है, जब संचालक पंकज अग्रवाल फैक्ट्री के दफ्तर में बैठे थे। व्यवसाय के सिलसिले में उन्हें पांच लाख रुपए की तत्काल जरूरत थी इसलिए सुपरवाइजर राजन सिंह को उदया सोसाइटी टाटीबंध स्थित अपने घर रकम लाने भेजा। काफी देर इंतजार करने के बाद जब वह नहीं लौटा तब घर में फोन लगाकर इस बारे में पूछताछ की। यह जानकर उनके होश उड़ गए कि राजन तो रकम लेकर तुरंत ही लौट गया था।
अपने स्तर पर राजन के बारे में पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रकम लेकर उसके भाग जाने का यकीन हो जाने पर संचालक ने आमानाका थाने पहुंचकर आधी रात को रिपोर्ट लिखवाई। पुलिस ने सुपरवाइजर के खिलाफ धारा 408 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
बताते हैं, राजन आरा बिहार का रहने वाला है। कुछ महीने से वहां नौकरी कर रहा था इसलिए वह मालिक का विश्वासपात्र भी हो गया था। फैक्ट्री की तरफ से उसे मोबाइल, मोटरसाइकिल के अलावा अन्य सुविधाएं दी गई थी।
आरोपी रकम के साथ मोबाइल और मोटरसाइकिल भी ले भागा। सुपरवाइज की करतूत से संचालक समेत फैक्ट्री का पूरा स्टाफ हैरान है। पुलिस यहां रहने वाले राजन के परिचितों से भी पूछताछ करेगी।