Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

शहर स्तब्ध, आतंक के खिलाफ गुस्सा

रायपुर. मुंबई में बुधवार रात 11 स्थानों पर आतंकी हमलों से देश दहल गया। नागरिक स्तब्ध हैं। लोगों का कहना है कि दहशतगर्द देश की एकता से हताश हैं और बौखलाकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। उनकी मंशा देश में अशांति और अफरा-तफरी का वातावरण बनाना है। इससे सख्ती से निपटना चाहिए। वारदात में शहीद ए़िडशनल कमिश्नर अशोक कामटे, मुंबई पुलिस आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे व पुलिस इंसपेक्टर विजय सालस्कर समेत मृतकों को लोगों ने श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि होटल, अस्पताल और रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थानों पर निहत्थे नागरिकों का खून बहाकर आतंकियों ने मानवता को कलंकित किया है। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा ने कहा कि विकृत मानसिकता के कारण उत्पन्न इस विपत्ति से निपटने पूरा देश एक है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने कहा कि यह हमला न केवल मुंबई बल्कि देश पर हमला है। आतंकियों को ऐसा सबक सिखाना चाहिए कि वे ऐसे कृत्यों की पुनरावृत्ति की सोच भी न सकें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार को इस हमले से सबक लेना चाहिए। सहकारिता प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष अशोक बजाज ने कहा कि आतंकवादियों से निपटने कड़े कानून बनाने की जरूरत है। अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष रुस्तम भाटी ने कहा कि इस घटना से आतंकवादियों के प्रति नफरत और बढ़ी है। हनुमान सेना अध्यक्ष विजय वखारिया, हरीश विग ने कहा कि आतंक किसी के दिमाग व सोच में है। व्यक्ति या जाति में नहीं। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग विकास संगठन अध्यक्ष अरुण जंघेल ने कहा कि आतंकवाद को रोकने केंद्र, राज्य सरकार व राजनीतिक दलों को डटकर मुकाबला करना होगा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सतीश जग्गी ने कहा कि देश को एक होकर आतंकियों से मुकाबला करना होगा।

मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रवक्ता काविश हैदरी व संयोजक डा. सलीम राज ने पाकिस्तान को चुनौती दी है कि वह आतंकवाद को बढ़ावा देना छोड़ दे वरना अंजाम भी भुगतने तैयार रहे। पंचदस नाम जूना अखाड़ा रायपुरा के महंत सरस्वतीगिरी गोस्वामी के नेतृत्व में लोगों ने 10 मिनट का मौन रखकर पूजा-अर्चना की। भारतीय जनशक्ति के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश पुजारी, उपाध्यक्ष मुजफ्फर अली आदि कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की लापरवाही की वजह से वारदात हुआ।

मुसलमान बेचैन
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता हसन खान ने कहा है इस आतंकी घटना से भारत में रहने वाला हर मुसलमान बेहद बेचैन है। वे परेशान हैं कि धर्म के नाम पर हमें दिली सदमा दिया जा रहा है। हम अपने वतन भारत में खुश हैं और हर तरक्की की राह हमें भारत में ऊंचाइयों पर पहुंचा रही है। बड़े शर्म की बात है कि पाकिस्तानी मुसलमान जो अपने मुल्क में नमाज पढ़ते मुसलमानों को मस्जिदों में शहीद कर देते हैं। पाकिस्तान आज आतंकी शोलों से धधक रहा है। वह भारत जैसे शांतिप्रिय देश की तरक्की को नहीं सह पा रहा है।

आतंकवाद का पुतला फूंका
भाजपा, कांग्रेस, शिवसेना व भाजयुमो ने आज अलग-अलग जयस्तंभ चौक पर आतंकवाद का पुतला फूंका। शहर कांग्रेस अध्यक्ष इंदरचंद धाड़ीवाल, महामंत्री मनोज कंदोई, युकां प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी, शिवसेना महानगर प्रमुख दीपक भारद्वाज, सुनील कुकरेजा, विकास ठाकरे आदि मौजूद थे। भाजयुमो रायपुर जिला प्रभारी सचिदानंद उपासने, प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मोमबत्ती जलाकर शहीदों और मृतकों पुष्पांजलि अर्पित की।

आज मौन रैली
हमले में शहीद पुलिसकर्मियों और नागरिकों को श्रद्धांजलि देने शुक्रवार को दोपहर 1 बजे जयस्तंभ चौक से मौन रैली निकाली जाएगी। यह शारदा चौक, फूलचौक, तात्यापारा चौक होते सदरबाजार, मालवीय रोड होते जयस्तंभ चौक पहुंचेगी। रैली के आयोजक मुकेश शाह व मनीष वोरा ने बताया कि वहां संस्थाओं के प्रतिनिधि, बुद्धिजीवी, रंगकर्मी, वकील, साहित्यकार, व्यापारी, मीडियाकर्मी, शिक्षक, विद्यार्थी और नेता मृतकों को मौन श्रद्धांजलि देंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: