Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

मुंबई से वापसी का सिलसिला

रायपुर. मुंबई के स्टेशनों और होटलों में आतंकी हमलों के बाद छत्तीसगढ़ के लोगों ने लौटना शुरू कर दिया है। कामकाजी हो, या फिर पढ़ाई करने वाले छात्र, ज्यादातर अपना कामकाज छोड़कर वापस लौट रहे हैं। मुंबई से आने वाली गीतांजलि सुपरफास्ट सबसे पहली ट्रेन होगी, जो धमाकों के बाद रायपुर आ रही है।

बुधवार सुबह 6 बजे छूटने वाली यह ट्रेन सवा पांच घंटे देरी से रवाना हुई। गुरुवार को रात 11.30 बजे रायपुर आने वाली यह गाड़ी घंटों लेट रहकर शुक्रवार को सुबह तक पहुंचेगी। इस ट्रेन से आने वाले यात्रियों के रिश्तेदार शाम से ही इंक्वायरी करने स्टेशन पहुंचने लगे हैं। रेलवे अफसरों का अनुमान है कि गीतांजलि सुबह 7 बजे के बाद ही आएगी। आज रात करीब 9 बजे मेल सुपरफास्ट मुंबई से रवाना हुई। उसके बाद कुर्ला-शालीमार एक्सप्रेस, ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स आदि ट्रेनें शुक्रवार को दोपहर से पहुंचने लगेंगी।

सभी बोगियां खचाखच
मुंबई से अचानक यात्रा की प्लानिंग के बाद गीतांजलि एक्सप्रेस से लौटने के लिए सैकड़ों लोगों ने रिजर्वेशन कराया। वेटिंग के बावजूद यात्री लौट रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक गीतांजलि की जनरल से लेकर सभी बोगियां पैक हैं। जिनमें पांव रखने की भी जगह नहीं है। अफसरों का कहना है कि यह हाल अगले दो दिनों तक मुंबई से लौटने वाली तमाम ट्रेनों का होगा।

दर्जनों हवाई टिकट कैंसिल
रायपुर. मुंबई में आतंकी हमले का असर यहां से जाने वाली फ्लाइट्स पर भी पड़ा। रायपुर से रोजाना औसतन 200 लोग मुंबई आते-जाते हैं। धमाकों की वजह से आज करीब सवा सौ लोग ही गए। व्यास ट्रेवल्स के संचालक कीर्ति व्यास ने बताया कि किंगफिशर की फ्लाइट से आज करीब 60 लोग मुंबई गए। डेढ़ दर्जन लोगों ने टिकट कैंसिल करवा दिए। इंडियन एयरलाइंस की फ्लाइट से 15 लोग मुंबई गए। इस कंपनी के भी आधा दर्जन टिकट रद्द हुए। जेट एयरवेज के संजय मट्टू ने बताया कि उनकी फ्लाइट से 20 टिकट कैंसिल हुए और रायपुर से 50 पैसेंजर्स मुंबई गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: