|
अजमेर. पुष्कर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के बागी श्रवणसिंह रावत के समर्थन पर भाजपा ने पांच पदाधिकारियों को छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने बताया कि पुष्कर क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी भंवरसिंह पलाड़ा की बजाय बागी के समर्थन पर भाजयुमो अजमेर संभाग प्रभारी एवं पुष्कर के पार्षद जगदीश चौधरी, पुष्कर के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष ईश्वर पाराशर, जिला उपाध्यक्ष एवं विधि प्रकोष्ठ अध्यक्ष एडवोकेट अशोकसिंह रावत, श्रीनगर के युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष राजेंद्रसिंह रावत, श्रीनगर के युवा मोर्चा अध्यक्ष मंगलनाथ योगी को पार्टी से निकाला गया है। ज्ञातव्य है कि बागी श्रवणसिंह रावत को पार्टी पहले ही निकाल चुकी है।
शाहनवाज आज पुष्कर क्षेत्र में
अल्प संख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाहनवाज हुसैन शुक्रवार को पुष्कर विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगे। श्रीनगर भाजपा मंडल अध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने बताया कि हुसैन शुक्रवार सुबह 11 बजे ऊंटड़ा, 2.30 बजे गगवाना, अपराह्न् 4 बजे हटूंडी में भाजपा प्रत्याशी भंवरसिंह पलाड़ा के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इधर, भाजपा शहर अध्यक्ष शिवशंकर हेड़ा के अनुसार पूर्व केन्द्रीय उड्डयन मंत्री एवं भाजपा नेता हुसैन सुबह 10 बजे अजमेर पहुंचेंगे।