|
Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood
प्रियंका चोपड़ा अपनी हालिया रिलीज दो हिंदी फिल्मों की सफलता से गदगद हैं। इस बीच उनकी पहली तमिल फिल्म ‘थमीजहां’ भी प्रदर्शित हो गई है। यही नहीं अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘ब्लेंडर’ के कवर पर भी उन्हें स्थान मिला है। इन दो हालिया सफलता से उत्साहित प्रियंका ने बयान दिया है कि वह हालिया जेम्स बांड डेनियल क्रेग के साथ भी काम करना पसंद करेंगी, लेकिन वे तरजीह कमल हासन के साथ फिल्म करने को देंगी।
बताते चलें कि प्रियंका की पहली तमिल फिल्म वहां के स्टार कलाकार विजय के साथ प्रदर्शित हुई है। उसी सिलसिले में पत्रकारों से बात करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘मैं इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हूं और दर्शकों की प्रतिक्रिया जानने को बेताब हूं।’ वहीं पर उनसे डेनियल क्रेग के साथ काम करने के बाबत प्रश्न पूछा गया तो उन्होंने बेबाक शब्दों में कहा, ‘भला ऐसी कौन अभिनेत्री होगी, जो बांड के साथ काम करने से मना करे, लेकिन हां, मैं क्रेग की तुलना में रजनीकांत के साथ काम करना पहले पसंद करूंगी।’
इसी बीच खबर आई है कि प्रियंका को अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ब्लेंडर के भारतीय संस्करण के कवर पर स्थान दिया गया है, यह उनकी अंतरराष्ट्रीय परिदृश्य पर बढ़ रही लोकप्रियता का प्रमाण है। गौरतलब है कि इस पत्रिका के कवर पर ब्रिटनी स्पीयर्स, लियोना लेविस समेत और भी कई हस्तियां आ चुकी हैं।