|
वड़ोदरा.
पाकिस्तान से आए दो आतंकी इंदौर और वड़ोदरा में छिपे हैं। खुफिया एजेंसियों से मिली जानकारी के आधार पर स्थानीय पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई है। शहाबुद्दीन गौरी ब्रिगेड के ये आतंकी मिशन पाकिस्तान के मकसद से भारत में घुसे हैं।
मप्र व गुजरात की पुलिस शहाबुद्दीन गौरी व मोहम्मद अली गौरी नामक इन आतंकियों की तलाश में इनके संभावित ठिकानों पर छापे मार रही है। 15 दिन पहले वड़ोदरा पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना में कहा गया था कि शहाबुद्दीन ब्रिगेड के इन आतंकियों के निशाने पर देश के कई अहम स्थल हैं। सूत्रों के मुताबिक इनकी संभावित लोकेशन गुजरात एवं मध्य प्रदेश बताई गई थी।
आतंकियों का वड़ोदरा से नाता: एक उच्च पुलिस अधिकारी ने बताया कि बीते 10 दिनों से आतंकियों की गोपनीय तरीके से तलाश की जा रही है। गौरतलब है कि वड़ोदरा से अंडरवर्ल्ड, आतंकियों व ड्रग माफियाओं के संबंधों की बात अक्सर सामने आती रही है। अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट तथा सूरत में बमों को रखने की साजिश के सिलसिले में भी वड़ोदरा के आतंकियों इमरान शेख, इकबाल शेख, उस्मान अगरबत्तीवाला, कयामुद्दीन तथा उसके भाई रफीउद्दीन को गिरफ्तार किया गया है।