|
नई दिल्ली. भारत के युवराज सिंह और मुनाफ पटेल इंग्लैंड के खिलाफ अधूरी रही वनडे क्रिकेट श्रंखला में क्रमश: बल्लेबाजी तथा गेंदबाजी औसत में सर्वश्रेष्ठ रहे। गौरतलब है कि वनडे सीरीज में कुल 7 मैच होने थे, लेकिन बुधवार को मुंबई में आतंकी हमले के बाद इंग्लैंड ने भारत दौरा रद्द कर दिया। दौरा रद्द होने से पहले भारत ने इंग्लैंड पर 5-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। इस प्रकार यह सीरीज 5-0 से मेजबान टीम के नाम रही।
युवराज ने ठोके दो शतक : युवराज सिंह ने श्रृंखला में शानदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया। उन्होंने दो शतकों की मदद से 108.33 की सर्वश्रेष्ठ औसत से सर्वाधिक ३२५ रन बनाए और २५.१६ की औसत से 6 विकेट झटके। सीरीज के दूसरे टॉप स्कोरर वीरेंद्र सहवाग रहे, जिन्होंने 5 मैचों में 4 अर्धशतकों की मदद से 314 रन बनाए। वहीं, इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज ओवेस शाह रहे। शाह ने ५९ की औसत से २३६ रन बनाए।
मुनाफ ने झटके 5 विकेट : भारतीय तेज गेंदबाज मुनाफ पटेल ने सीरीज में 4 मैच खेलकर 21.80 की सर्वश्रेष्ठ औसत से 5 विकेट झटके। हालांकि विकेट लेने के मामले में वे जहीर खान से पीछे रहे। जहीर ने 23.50 की औसत से श्रंखला में सर्वाधिक 8 विकेट लेकर अपनी टीम को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक 7 विकेट झटकने का श्रेय स्टुअर्ट ब्रॉड के नाम रहा।