|
मेलबोर्न. मुंबई में आतंकी हमले के बाद भारत के क्रिकेटीय भविष्य को अंधकारमय बताते हुए ऑस्ट्रेलियाई मीडिया ने लिखा है कि इस घटना ने क्रिकेट के ‘सुपरपॉवर’ भारत को घुटनों पर ला दिया है।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार, यदि विदेशी खिलाड़ी चैंपियंस लीग के लिए भारत जाने से इंकार करते हैं, तो वह पाकिस्तान जैसी स्थिति में आ सकता है, जहां विदेशी टीमें जाने से कतराती हैं। गौरतलब है कि सुरक्षा चिंताओं के चलते विदेशी टीमें पाक दौरा करने से बचती हैं और इसके कारण पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को आर्थिक क्षति का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई हमलों को ऐतिहासिक घटना करार देते हुए ‘द सिडनी मोर्निंग हेराल्ड’ ने लिखा, ‘चैंपियंस लीग ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट के स्थगित होने से भारत की सुरक्षित स्थान की छवि को गहरा धक्का लगा है। ऑस्ट्रेलिया सहित ज्यादातर टीमें भारत में बड़ी संख्या में मैच खेलती हैं, लेकिन अब वे आगामी दौरे के लिए कई बार विचार करना चाहेंगी, जैसा कि पाकिस्तान जाने के पहले वे करती हैं।’ गौरतलब है कि चैंपियंस लीग टूर्नामेंट 3 दिसंबर से प्रस्तावित था।
इसी प्रकार ‘द हेराल्ड सन’ ने लिखा है कि आतंकी हमले में 100 से अधिक लोगों की मौत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को संकट में डाल दिया है। अखबार लिखता है, ‘मुंबई हमले ने भारतीय क्रिकेट के दिल को चीर दिया है।
कई लाख डॉलर इनामी राशि की चैंपियंस लीग स्थगित हो गई है। ऑस्ट्रेलिया ने क्रिकेट संबंधी भारत के सभी दौरे स्थगित कर दिए हैं। जाहिर है इस घटना के बाद क्रिकेट का ‘सुपरपॉवर’ भारत घुटनों के बल आ गया है।’
वहीं, ‘द ऑस्ट्रेलियन’ ने लिखा कि भारत अब विदेशी टीमों की सुरक्षा चिंताओं को दूर करने के लिए संघर्ष कर रहा है। अखबार ने लिखा, ‘भारतीय क्रिकेट का निकट भविष्य अंधकारमय है, और उसके दीर्घकालीन भविष्य पर भी बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। मुंबई क्रिकेटरों की पसंदीदा जगह और ताज व ओबेराय पसंदीदा होटल रहे हैं। इनका असुरक्षित होना भारतीय क्रिकेट के लिए बड़ा झटका है।’