|
भोपाल. मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा शुक्रवार को मुंबई में आतंकी हमले में शहीद हुए महाराष्ट्र पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस मुख्यालय और पुलिस ऑफीसर्स मेस में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस महानिदेशक एसके राउत ने इस मौके पर कहा कि आतंकवाद की गंभीर चुनौती का मुकाबला करने के लिए पुलिस के साथ जनता को भी निरंतर सजग रहना होगा।
पुलिस मुख्यालय में शहीद पुलिस आईपीएस अधिकारियों हेमंत करकरे और अशोक काम्टे, निरीक्षक विजय सालस्कर, शशांक शिंदे और प्रकाश मोरे, उप निरीक्षक बाबूराव साहिबराव, एएसआई नाना साहिब भोसले, टीजी ओमबड़े, सिपाही एआर चित्ते, विजय खांडेकर, योगेश पाटिल, जयंत पाटिल, अंबादास पवार व एमसी चौधरी की बहादुरी को सराहा गया।
पुलिस ऑफीसर्स मेस में आईपीएस एसोसिएशन ने आईपीएस अधिकारियों स्व. करकरे और स्व. काम्टे को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री करकरे के बैच के अधिकारी ईओडब्ल्यू के महानिदेशक एसएस लाल, श्री काम्टे के बैच के अधिकारी राज्य मानव अधिकार आयोग के आईजी सुशोभन बनर्जी और आयुक्त पुरातत्व स्मिता गाटे ने उनके साथ बिताए गए समय की यादों को ताजा किया।
जिला बार एसोसिएशन के सभाकक्ष में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश व्यास की अध्यक्षता और जिला एवं सत्र न्यायाधीश गुलाब शर्मा की उपस्थिति में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इसमें मुंबई के आतंकी हमलों में शहीद हुए पुलिस अधिकारियों, जवानों और नागरिकों के प्रति दु:ख और क्षोभ व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। आर्चबिशप डॉ. लियो कार्नेलियो ने मुंबई में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की है। उन्होंने मप्र के समस्त ईसाई समाज की ओर से इस हमले में मारे गए व्यक्तियों को श्रद्धांजलि दी है।
मध्य प्रदेश युवा वैदिक ब्राrाण मोर्चा द्वारा शनिवार को न्यू मार्केट स्थित हनुमान मंदिर में आतंकी हमलों में मारे गए पुलिसकर्मियों और नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सुबह साढ़े नौ बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में मृतकों की आत्मा की शांति के लिए शांतिपाठ का आयोजन भी होगा।