|
भोपाल. कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का मुंबई में इलाज करवा रहे मरीजों को निश्चित ही यह खबर राहत देगी। अब उन्हें वापसी में आपातकाल कोटे के लिए मुंबई रेलवे कार्यालय के चक्कर नहीं काटने होंगे। आरामदायक व आरक्षित यात्रा मुहैया कराने के लिए रेलवे बोर्ड ने कैंसर पीड़ितों को रिजर्वेशन काउंटर पर ही कंफर्म टिकट देने का निर्णय लिया है। इस आशय के निर्देश बोर्ड ने भारतीय रेलवे के सभी जोनल और मंडल मुख्यालयों को पहुंचा दिए हैं।
फिलहाल मध्य रेलवे द्वारा मुंबई से चलने वाली अपनी नौ ट्रेनों में एक दिसंबर से इसे शुरू किया जा रहा है। इस सुविधा को ‘कंफर्म बर्थ फॉर कैंसर पेशेंट ऑन सेंट्रल रेलवे’ नाम दिया गया है। अब तक प्रतीक्षा सूची का टिकट लेकर आरक्षण के लिए मरीजों को रेल मंडल मुख्यालय में आपातकाल कोटे के लिए आवेदन करना पड़ता था।
क्या होगी प्रक्रिया
मुंबई स्थित टिकट काउंटर पर मरीज को इलाज संबंधित अस्पताल का वैलेट कंसेशन फार्म व अन्य दस्तावेज देना होगा, जिसके आधार पर रिजर्वेशन सुपरवाइजर मरीज और एक अन्य सहयोगी का कंफर्म टिकट बनाएगा।
सुविधा एसी थर्ड और स्लीपर में
मध्य रेलवे नौ ट्रेनों के थर्ड एसी और स्लीपर बर्थो में यह सुविधा शुरू करने जा रहा है, जिसमें मरीज और उसके सहयोगी के किराए में 75 फीसदी रियायत दी जाएगी।
कैंसर मरीजों के आवेदन आने पर आपातकाल बर्थो का लाभ दिया जाता है। मध्य रेलवे द्वारा टिकट काउंटर पर कंफर्म रिजर्वेशन की सुविधा दिए जाने से मुंबई से भोपाल, इटारसी और बीना लौटने वालों को लाभ मिलेगा।
-पीके अग्रवाल, डीआरएम
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर मध्य रेलवे द्वारा मुंबई से प्रारंभ होने वाली नौ ट्रेनों में कंफर्म रिजर्वेशन की सुविधा दी जा रही है। यह सुविधा एक दिसंबर से लागू कर दी जाएगी।
-अनिल जैन, पीआरओ, मध्य रेलवे
कैंसर रोगियों को सुविधाओं में प्राथमिकताएं देना जरूरी है। रेलवे द्वारा सीधे कंफर्म रिजर्वेशन दिए जाना एक सराहनीय कदम है।
-डॉ. आरके पांडे, कैंसर रोग विशेषज्ञ