|
धार. कुक्षी के मंगलवारिया की बजरंग कॉलोनी के आशीष पाटीदार और रुकसार के दोहरे हत्याकांड का खुलासा शुक्रवार को बाग पुलिस ने कर दिया। बाग टीआई अजय सांगर के अनुसार मृत युवती के पिता शेर खां और भाई फिरोज ने मिलकर आशीष और रुखसार की हत्या की थी।
प्रेम प्रसंग के चलते युवक-युवती घर से भागे थे। इस घटनाक्रम के पहले युवती ने मोबाइल पर उसके भाई फिरोज से संपर्क किया तो भाई ने मान-मनौव्वल की चर्चा कर उनके ठहरने का स्थान पता किया। इसी को आधार बनाकर पिता-भाई से पूछताछ की गई जिसमें उन्होंने घटना कबूली।
यह है मामला
युवक-युवती की हत्या की खबर फैलते ही बीते रविवार को दोपहर एक बजे कुक्षी में भगदड़ के बाद बाजार बंद हो गए थे। पुलिस ने दुकानें खुलवाईं। भगदड़ कुछ शरारती तत्वों के सिनेमा चौपाटी से विजय स्तंभ चौराहा के बीच दौड़ने से मची थी।
एसपी ने बताया मृतक आशीष पिता रमू पाटीदार और रुखसार पिता शेर खां दोनों निवासी कुक्षी तीन दिन पहले लापता हो गए थे, जिनके शव सुबह आठ बजे रामपुरा-बाग रोड पर वन विभाग की नर्सरी के पास एक पुलिया के नीचे मिले। पत्थरों से चेहरा कुचलकर हत्या होना पाया गया है। अफवाहों के चलते दोपहर में भगदड़ मची।