|
इंदौर. इंदौर में चुनावी सट्टे पर करीब 200 करोड़ रु. दांव पर लग चुके हैं। मतदान के बाद 28 नवंबर को तो एक ही दिन में करीब 50 करोड़ दांव पर लग गए।
दरअसल बढ़े मतदान प्रतिशत ने सटोरियों के समीकरण भी गड़बड़ा दिए क्योंकि पहले जहां भाजपा की सरकार की स्पष्ट संभावनाएं थीं वहीं मतदान के बाद शुक्रवार को उसकी 115 सीटों का भाव 1 रु. 40 पैसे खुला। यही नहीं, अब तो प्रदेश में भाजपा की सरकार को लेकर सटोरिये सट्टा खाने को ही तैयार नहीं हैं। वहीं कांग्रेस की 90 सीटों का भाव 80 पैसे खुला। इसका मतलब यह है कि पार्टी को इतनी सीटें मिल सकती हैं।
इसके साथ ही शुक्रवार को इंदौर की नौ सीटों के भाव भी बदले। चुनावी सट्टे में रुचि रखने वालों की सबसे ज्यादा निगाहें महू सीट पर है। मतदान से पहले यहां से चुनाव लड़ रहे लोक निर्माण मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का भाव 20 से 25 पैसे था जो मतदान का प्रतिशत बढ़ने के कारण 40 से 45 पैसे हो गया।
इंदौर-1से कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला का भाव 50 से 55 पैसे है जो परिणाम उनके पक्ष में होने का संकेत दे रहा है। वहीं भाजपा के सुदर्शन गुप्ता की जीत का भाव 1 रु. 40 पैसे से 1 रु. 45 पैसे के बीच है। इंदौर-2 का तो भाव ही नहीं खुला। इंदौर-3 में भाजपा के गोपीकृष्ण नेमा का भाव 55 पैसे के आसपास है।
सटोरियों का रुझान सांवेर से तुलसी सिलावट, देपालपुर से सत्यनारायण पटेल व इंदौर-4 से मालिनी गौड़ की स्पष्ट जीत का संकेत दे रहा है क्योंकि इन तीनों का भाव 25-25 पैसे है। मतदान से पहले भी इन तीनों के भाव विरोधियों की तुलना में ठीक थे। राऊ से भाजपा प्रत्याशी जीतू जिराती के पक्ष में स्थिति ज्यादा अनुकूल मानी जा रही है क्योंकि उनका भाव 35 पैसे खुला है।