|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. पोहरी के विधायक हरिबल्लभ शुक्ला के पुत्र आशीष शुक्ला समेत पांच अन्य लोगों पर पोहरी थाना पुलिस ने गांव देवरीखुर्द में पीठासीन अधिकारी के साथ झूमाझटकी करने और ईवीएम को कब्जे में लेने के कारण बूथ कैप्चरिंग का मामला दर्ज किया गया है।
पुसिल ने बताया कि देवरीखुर्द के पीठासीन अधिकारी की रिपोर्ट पर बसपा प्रत्याशी और विधायक हरिबल्लभ शुक्ला के पुत्र आशीष, उसके पांच समर्थकों एवं अन्य 10 के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जिले में गुरुवार को हुए मतदान में यह पहला मामला बूथ कैप्चरिंग का है। इसके अलावा पिछोर में दो स्थानों और पोहरी में एक स्थान पर मारपीट की घटनाएं होने के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। एसपी डीसी शर्मा के अनुसार देवरीखुर्द के गांव में आशीष शुक्ला और उसके समर्थकों ने पीठासीन अधिकारी को शासकीय कार्य करने से रोका और ईवीएम को कब्जे में ले लिया।
इस आधार पर ही उक्त लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। यहां बताना जरूरी होगा कि शासकीय कार्य में बाधा की धारा 353 और बूथ कैप्चरिंग करने की धारा 135 क गैर जमानती हैं और इनमें न्यायालय से ही जमानत मिल सकती है।