|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. उड़ीसा के झारसुगड़ा के निकट गुरुवार शाम हुए सड़क हादसे में गुढ़ियारी के इंद्र कुमार तेजवानी (44) और तेलीबांधा के हरीश रामरख्यानी (38) की मौत हो गई। दोनों पंडरी स्थित एसके इंटरप्राइजेस के एंप्लाई थे। बकाया वसूलने उड़ीसा गए थे।
मृतकों के शव आज रात स्पेशल वाहन से लाए गए। शव देखकर उनके परिजन बिलख पड़े। जबसे हादसे की खबर मिली है, उनके पत्नी बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। कल मृतकों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वैन का चालक शंकरलाल भाटापारा का रहने वाला था।
सपना अधूरा रह गया
मृतक इंद्र कुमार की मौत से गुढ़ियारी के एकता नगर में मातम छा गया। रिश्तेदार और परिचितों का दिनभर उनके घर तांता लगा रहा। इंद्र कुमार सात भाइयों में चौथे थे। बाकी भाइयों का खुद का कारोबार है, इंद्रकुमार पंडरी के इंटरप्राइजेस में सेल्समैन की नौकरी कर अपने परिवार का पेट पालते थे। पत्नी के अलावा परिवार में उनकी दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी विनीता (18) साल की और छोटी अंकिता (16)।
इंद्रकुमार भाइयों से अलग मोहल्ले में छोटे से किराए के कमरे में रहते थे। जीते जी खुद का एक घर बनाने का सपना पूरा नहीं कर सके। छोटी बेटी को वे खूब पढ़ाना चाहते थे। उनके भाई धनराज और गिरधारी तेजवानी ने बताया कि वह इतना स्वाभिमानी था कि अभाव में रहने के बावजूद कभी भाइयों से किसी तरह की मदद नहीं मांगी। ढाढस बंधाने के बावजूद आंखों से आंसुओं की धार टूटने के नाम नहीं ले रही।
दुख का टूटा पहाड़
हरीश रामरख्यानी की असामयिक मौत से तेलीबांधा गली नं. 1 में शोक की लहर दौड़ गई। वे भी इंद्र कुमार के साथ सेल्समैन थे। उन पर भरे पूरे परिवार के भरण पोषण की जिम्मेदारी थी। उनके छोटे-छोटे तीन बच्चे हैं।
बड़ी बेटी प्रिया नौवीं और बेटा मनीष आठवीं में पढ़ता है। छोटा बेटा मोहित बार-बार पापा के बारे में पूछता है। मासूम के सवाल पर परिजनों की आंखें नम हो जाती हैं। उनकी पत्नी को इतना सदमा लगा है कि कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं हैं। उनके परिवार में बूढ़े पिता के अलावा एक छोटा भाई है। बड़ी संख्या में मोहल्ले के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे।
कपड़ा मार्केट स्तब्ध
किसी हादसे में एक साथ तीन लोगों के मारे जाने की पंडरी कपड़ा मार्केट के लिए यह पहली घटना है। हादसे से पूरा मार्केट स्तब्ध है। वहां भी उनके जान पहचान वाले आपस में चर्चा कर उनके मिलनसार व्यक्तित्व को याद करते रहे। गौरतलब है कि झारसुगड़ा से सुंदरगढ़ जाते वक्त रास्ते में एक बेकाबू डंपर की जोरदार टक्कर से चालक समेत तीनों की मौत हो गई थी। वे इंटरप्राइजेस की वैन में सवार थे।