|
News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. नियमों का पालन नहीं करने वाले भिलाई के कल्याण कालेज के खिलाफ रविशंकर विश्वविद्यालय ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। कार्यपरिषद ने कल्याण कालेज की अस्थायी संबद्धता समाप्त करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उसे नोटिस दी जाएगी। इतना ही नहीं राज्य शासन को सूचना देकर उसको दिया जा रहा अनुदान भी बंद करने की सिफारिश की जाएगी।
कुलसचिव डा. अनंत ने बताया कि कल्याण कालेज ने जरूरी अर्हताओं को पूरा नहीं किया और पर्याप्त नियुक्तियां नहीं की हैं। नोटिस देने पर खानापूर्ति कर दिखावे के लिए छोटे विज्ञापन दिए हैं। इसीलिए परिषद ने सख्ती दिखाई है। इसी तरह और जो भी कालेज परिनियम 28 का पालन नहीं कर रहे हैं। उनकी सूची बनाकर उनके खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी। कार्यपरिषद ने परीक्षाओं के फार्म जमा करने की तिथि में और वृद्धि नहीं करने का निर्णय लिया है। पूर्व में दो से तीन बार आवेदन की तिथि बढ़ाई जा चुकी है।
हाल ही में शुरू किए गए नए विश्वविद्यालयों की परीक्षाएं भी रविशंकर विश्वविद्यालय द्वारा ली जाएंगी। साथ ही 2008-09 में नए सरकारी कालेजों को संबद्धता देने विचार चल रहा है। इसके लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन समन्वय समिति के अध्यक्ष को पत्र लिखेगा। यूनिवर्सिटी में ला आफिसर नियुक्त करने के संबंध में राज्य शासन व वित्त विभाग को पत्र लिखेगा। कार्यपरिषद की बैठक में प्राचार्य चयन समिति से संबंधित लिफाफे खोले गए। इसके तहत महंत कालेज में प्राचार्य पद के लिए डा. देवाशीष मुखर्जी, शांति निकेतन कालेज प्राचार्य डा. देवहूति तिवारी, विप्र कालेज में प्राचार्य पद के लिए डा. मेघेष तिवारी के चयन को स्वीकृति दी गई।
पटवारी परीक्षा के प्रवेशपत्र बंटेंगे
रायपुर. छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल द्वारा 15 दिसंबर को आयोजित पटवारी परीक्षा के प्रवेश पत्र 1 दिसंबर से बांटे जाएंगे। इन्हें डाक के जरिए उम्मीदवारों को भेजा जाएगा। प्रवेश पत्रों में फोटो के साथ-साथ परीक्षार्थियों के रोल नंबर भी अंकित होंगे।
अफसरों का कहना है कि 319 केंद्रों में करीब 10 केंद्र बदल दिए गए हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि तमाम सरस्वती स्कूलों को दिए गए केंद्र से वापस ले लिया गया है। परीक्षा में एक लाख 30 हजार परीक्षार्थियों को शामिल होना है। अफसरों ने बताया कि परीक्षा की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए केंद्राध्यक्षों को भी पत्र भेजकर परीक्षा कार्य के बारे में अवगत करा दिया गया है।