|
मुंबई/पणजी/सूरत. मुंबई में आतंकियों और एनएसजी कमांडो के बीच करीब साठ घंटे चली मुठभेड़ में देश की वित्तीय राजधानी कही जाने वाली मुंबई में करीब चार हजार करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है। बैंकों ने जहां आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। वहीं, जानकारों ने मुंबई में सोमवार से कामकाज आम दिनों की तरह शुरू हो जाने की संभावना जताई है।
एसोचैम के सचिव डीएस रावत के मुताबिक बीते चार दिनों में मुंबई के होटल, दुकान समेत सभी कारोबार पूरी तरह बंद रहे हैं। इस दौरान रोजाना औसतन 1,000 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित हुआ है।
शेयर-कमोडिटी बाजार : आतंकी हमले के बाद गुरुवार को सुरक्षा के मद्देनजर बीएसई, एनएसई और कमोडिटी एक्सचेंजों के बंद रखे जाने से 32,710 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है।
फिल्म व टीवी उद्योग : आतंकी हमलों ने मुंबई की मायानगरी को भी प्रभावित किया है। बीते चार दिनों में स्थानीय फिल्म व टीवी उद्योग में 10 करोड़ रुपए का कारोबार प्रभावित होने का अनुमान है।
बैंकों ने बढ़ाई सुरक्षा : ओरिएंटल बैंक आफ कामर्स के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर एससी सिन्हा ने कहा है कि आतंकी कार्रवाई जैसे किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उनका बैंक चुनिंदा शाखाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने जा रहा है। साथ ही वह अपनी सभी शाखाओं में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करेगा। यूनियन बैंक के सीएमडी एमवी नायर ने कहा है कि आतंकी हमले से बैंक के कामकाज पर कोई असर नहीं पड़ा है। सिर्फ नरीमन भवन के आसपास के इलाके में बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ है।
कई बोर्ड मीटिंगें स्थगित : आतंकी हमले से बेहाल मुंबई में कई कम्पनियों को अपनी बोर्ड मीटिंग स्थगित करनी पड़ी है। वहीं, कई कंपनियों ने शेयर इश्यू के लिए क्लोजिंग डेट को आगे बढ़ा दिया है।
गोवा का पर्यटन उद्योग होगा प्रभावित
वैश्विक वित्तीय संकट से जूझ रहे गोवा के पर्यटन उद्योग को अब मुंबई के आतंकी हमलों के बाद यहां का पर्यटन उद्योग प्रभावित होने की चिंता सता रही है। गोवा के पर्यटन निदेशक एल्विस गोम्स के मुताबिक भारत आने वाले विदेशी पयर्टक सबसे अधिक गोवा में आते हैं। हमलों के बाद विदेशी पर्यटकों को यहां आना घट सकता है। अगर ऐसा हुआ तो यह राज्य के प्रमुख उद्योग के लिए काफी नुकसानदेह होगा।
सूरत के कपड़ा उद्योग पर आतंक का साया
मुम्बई में हुए आतंकवादियों के हमले से सूरत के कपड़ा उद्योग को भारी झटका लगा है। बीते चार दिनों में फिनिश्ड फ्रैब्रिक्स की खरीदी ठप-सी हो गई है। मुम्बई होकर सूरत आने वाले व्यापारियों ने अपनी बुकिंग रद्द करवा दी है। वहीं, शहर के हीरा कारोबारी भी इस हमले से सहमे नजर आ रहे हैं। इन्हें विदेशी सौदे प्रभावित होने की आशंका सता रही है। उल्लेखनीय है कि इस हमले में हीरा उद्योग के शीर्ष उद्यमी भी ताज होटल और ओबेराय होटल में फंस गए थे।
देश के शेयर बाजारों ने आतंकी हमलों पर ध्यान न देते हुए शुक्रवार को अच्छा प्रतिरोध दिखाया है। सोमवार से शेयर बाजारों के पुराने कारकों के आधार पर व्यवहार करने की उम्मीद है।
- अमित मित्रा, एसोचैम के महासचिव