|
अहमदाबाद. केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने आशंका जताई है कि मुंबई आतंकी हमले में कुख्यात आतंकी रियाज बटकल का हाथ हो सकता है। पेशे से सिविल इंजीनियर बटकल के इन दिनों पाकिस्तान में छिपे होने का अंदेशा है। एजेंसियों का मानना है कि पांच सितारा होटलों पर हमले के लिए रियाज ने ही स्थानीय सहयोग मुहैया कराया है।
रियाज का नाम इससे पहले अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट में आ चुका है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कर्नाटक के बटकल गांव के रियाज ने कुछ दिनों पहले अपने ही गांव में जेहादी शिविर आयोजित किया था। इसमें 40 आतंकियों ने भाग लिया था। बताया जाता है कि बटकल का मेंगलूर में आलीशान घर है। इसमें रियाज ने जेहादी भाषण दिया था। शिविर में आए 7-8 लोगों का सुराग पुलिस को मिल चुका है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
मुंबई ब्लास्ट के बाद भूमिगत हुआ: मुंबई की लोकल ट्रेनों में हुए विस्फोट के बाद रियाज भूमिगत हो गया था। वह पाकिस्तान में रह रहे आमिर रजा खान से संपर्क में था। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आमिर के सहयोग से अहमदाबाद, दिल्ली व जयपुर सीरियल ब्लास्ट को अंजाम देने के बाद रियाज नेपाल के रास्ते पाकिस्तान भाग गया।