|
मुंबई.
नरीमन हाउसः दिनभर की घमासान गोलीबारी के बाद रात के अंधरे में कहीं से भी सनसनाती हुई आने वाली गोलियां और रह-रहकर होते ग्रेनेड के धमाके। नरीमन हाउस में आसमान से उतरे कमांडों की मदद से चौथी मंजिल पर दो आतंकियों को घेरे जाने तक एनएसजी कमांडो के सामने मौत का तांडव चलता रहा।
कास्मोपोलिटन प्रतीक : मुंबई के कास्मोपोलिटन चरित्र का प्रतीक नरीमन हाउस यहूदी रहवासी क्षेत्र और प्रार्थना घर है। इसे एक लोकप्रिय इजरायली आंदोलन के नाम पर शबाद लुबाविच हाउस भी कहते हैं।
पेट्रोल पंप पर ग्रेनेड फेंका : बुधवार की रात स्कूटर पर सवार होकर दो आतंकी कोलाबा क्षेत्र में पहुंचे। बूटलेगर्स क्लब के पास स्थित पेट्रोल पंप पर उन्होंने ग्रेनेड फेंका। पेट्रोल का भंडार तो बच गया, लेकिन पंप का बाहरी हिस्सा नष्ट हो गया। फिर वे पंप के पीछे स्थित नरीमन हाउस में घुसे। वहां उन्होंने तत्काल दो लोगों की हत्या कर दी। रातभर वे वहां छिपे रहे। गुरुवार की सुबह वे बाहर आए और वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया।
कमांडो शहीद : अगले 46 घंटे तक वहां भीषण संग्राम हुआ, जिसमें एनएसजी कमांडो गजेंद्रसिंह शहीद हुए। एक अन्य कमांडो ने आपबीती सुनाते हुए कहा, ‘हम ऐसे आतंकियों की तलाश कर रहे थे, जो कहीं भी छिपे हो सकते थे। दरवाजे, दीवार के पीछे या मासूम बंधकों के बीच। हम कई बार फायरिंग रेंज में आए।
मौत मेरे सामने आकर तब ठहर गई जब सामने लगी ग्रिल से टकरा कर गोली रुक गई।’ हेलिकॉप्टर से पांच मंजिला इमारत की छत पर उतरे 20 कमांडो ने नीचे जाकर दो आतंकियों को मार कर ऑपरेशन पूरा किया। इसके ठीक पहले आतंकियों ने ग्रेनेड से बड़ा हमला किया, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा नष्ट हो गया। आतंकियों ने हताश होकर पांच बंधकों की हत्या कर दी। इनमें यहूदी नेता और मुंबई चाबद लुबाविच के डायरेक्टर रब्बी गैवरिएल व उनकी पत्नी रिवका होल्त्जबर्ग भी थे।
अनोखा ऑपरेशन : शहरी क्षेत्र में आतंकियों की गोलियों और केबल व तारों से बचाते हुए इमारत पर हेलिकॉप्टर को स्थिर रखकर कमांडो उतारने का अनोखा ऑपरेशन अंजाम दिया गया। साठ लोगों को मुक्त कराया गया। वहां मौजूद लोगों ने जयजयकार कर कमांडो की बहादूरी को सलाम किया।
मौत : 5
आएंगे याद : एनएसजी कमांडो गजेन्द्र सिंह और रब्बी गैवरियल (यहूदी नेता)
बचाया : 60