|
मुंबई/नई दिल्ली. प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने सेना और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े तमाम आला अधिकारियों के साथ नई दिल्ली में बैठक कर समूचे अभियान की जानकारी ली। एनएसजी के महानिदेशक जेके दत्त ने संवाददाताओं को बताया कि ताज से 22 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। इनमें से पांच के शव उसी स्थान से मिले, जहां कमांडो ने आतंकियों के शवों को बरामद किया। इस आधार पर दत्त ने आशंका जताई कि शायद बंधक बनाए गए इन लोगों की हत्या आतंकियों ने पहले ही कर दी होगी।
दत्त ने बताया कि एनएसजी ने पिछले तीन दिन में आठ आतंकियों को मार गिराया है। उन्होंने कहा कि कोई भी आतंकी ताज, ओबेरॉय या नरीमन हाउस से भागने में सफल नहीं रहा है। ताज के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि होटल पूर्णत: सुरक्षित है। दत्त के अनुसार, यह काम शनिवार देर रात तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकियों के पास से एक एके-47 रायफल, दो पिस्तौलें, 8 मैगजीन और बड़ी संख्या में ग्रेनेड बरामद हुए, जिन्हें सुरक्षा बलों ने निष्क्रिय कर दिया।
मुंबई के पांच सितारा ओबेरॉय ट्रायडेंट होटल और नरीमन हाउस को सुरक्षा बलों ने शुक्रवार रात को ही आतंकियों से मुक्त करा लिया था। आतंकियों से एनएसजी कमांडो की मुठभेड़ शुक्रवार रातभर चलती रही। पौ फटने से पहले कमांडो ने ताज में मौजूद आतंकियों पर निर्णायक हमला किया। सुबह लगभग आठ बजे होटल की दूसरी मंजिल से एक कमांडो ने इशारे से जैसे ही अभियान के खत्म होने का संकेत दिया, नीचे मौजूद पुलिस, सेना के जवानों के साथ मीडिया कर्मियों ने भी राहत की सांस ली।
10 आतंकी थे : बाद में एक प्रेसवार्ता में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख ने बताया कि मुंबई पर हमला करने वाले कुल 10 आतंकी थे, जिन्होंने दो-दो के पांच दलों में बंटकर तय ठिकानों पर हमला किया। इनमें से नौ को सुरक्षा बलों ने मार गिराया और एक जिंदा पकड़ा गया। प्रेसवार्ता में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री आरआर पाटील भी मौजूद थे। देशमुख ने बताया कि मारे गए विदेशियों में से 15 की पहचान हो सकी है। इनमें जर्मनी और इजरायल के तीन-तीन, कनाडा के दो और अमेरिका, ब्रिटेन, जापान, आस्ट्रेलिया, इटली, चीन और थाईलैंड का एक-एक नागरिक शामिल है। बाकी विदेशियों के शवों की शिनाख्त का काम जारी है।
रतन टाटा पहुंचे ताज : कमांडो कार्रवाई खत्म होने के कुछ देर बाद ही ताज होटल के मालिक और टाटा समूह के प्रमुख रतन टाटा 105 साल पुराने होटल को देखने पहुंचे। होटल के बाहर पड़े कांच के टुकड़े, अस्त-व्यस्त फर्नीचर, जले हुए कमरे और वहां खून के निशान तीन दिन से जारी आतंक की दास्तां बयां कर रहे थे।
पीएम ने लिया जायजा : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने नई दिल्ली में तीनों सेना प्रमुखों के साथ बैठक में मुंबई हमलों के बाद देश की आंतरिक सुरक्षा का जायजा लिया। बैठक में गृह, रक्षा मंत्रालय और इंटेलीजेंस ब्यूरो के आला अधिकारी भी मौजूद थे। इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटील ने अपने निवास पर बैठक में गृह मंत्रालय, आईबी और सेना के उच्च अधिकारियों को समुद्र तटीय इलाकों की सुरक्षा मजबूत करने का निर्देश दिया।