|
भोपाल. मुंबई में आतंकी हमले की प्रतिक्रिया राजधानी में शनिवार को भी देखने को मिली। दिवंगतों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना सहित एकजुटता दर्शाने के लिए मानव श्रंखला का निर्माण तथा गुस्सा प्रकट करने की गरज से पुतला दहन जैसे अनेक आयोजन शहर में किए गए। ईसाई समुदाय रविवार को प्रदेश भर के गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित करेगा।
मानव श्रंखला बनाकर दी श्रद्धांजलि
आतंक की घड़ी में एकजुटता दर्शाने के लिए भोपाल गैस पीड़ित महिला उद्योग संगठन द्वारा यादगारे शाहजहांनी पार्क में मानव श्रंखला बनाई गई। गैस पीड़ितों ने मुंबई कांड की निंदा करते हुए आतंकवाद मुर्दाबाद के नारे लगाए। संगठन के संयोजक अब्दुल जब्बार ने कहा कि ऐसी घटनाओं से डरने की बजाय उनके खिलाफ संघर्ष के लिए एकजुटता प्रदर्शित करना आज की महती जरूरत बन गई है।
आतंकवाद का पुतला फूंका
भारतीय जनता युवा मोर्चा भेल द्वारा पिपलानी चौराहे पर आतंकवाद के विरोध में प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। पुतलादहन के पूर्व चौराहे पर करीब आधे घंटे तक केंद्र सरकार और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का नेृतत्व अंशुल तिवारी एवं विष्णु राने ने किया। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं आतंकवाद को रोकने के लिए कोई कारगार नीति नहीं बनाने की घोर निंदा की। आज ही अभाविप के कार्यकर्ताओं ने सोमवारा स्थित भवानी चौक पर मुंबई कांड में दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।
शांतिपाठ किया
पुजारी संघ द्वारा कात्यायनी मंदिर के सामने आतंकवाद का पुतला दहन कर शांतिपाठ का आयोजन किया गया। शांतिपाठ में राजधानी के करीब 151 पंडित शामिल हुए। उसके बाद महंत पुष्कारानंद के सान्निध्य एवं प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आतंकवाद के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इस मौके पर पंडितों ने कहा कि विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं को यदि देश को बचाना है तो वे धर्म के नाम पर राजनीति बंद करें एवं देश के विकास तथा सुरक्षा के नाम पर राजनीति करें।
पुतला जलाया
हिंदुत्थान और भारतीय राष्ट्रीय सेना ने शनिवार को प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का पुतला जला कर मुंबई की घटना पर रोष जताया। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मुनव्वर खान कौसर ने भी मुंबई हमलों की निंदा की है। गुर्जर समाज समिति द्वारा आज आयोजित एक कार्यक्रम में भी मुंबई के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
प्रदेश भर के गिरजाघरों में होगी प्रार्थना
मध्यप्रदेश ईसाई महासंघ ने मुंबई की घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश भर के गिरजाघरों में रविवार को विशेष प्रार्थना सभा आयोजित करने का निर्णय लिया है। आर्कबिशप रविवार की सुबह होशंगाबाद के इंफेंट जीसस चर्च तथा शाम को भोपाल के शांतिनगर स्थित मदर मैरी चर्च में विशेष प्रार्थना सभा में शामिल होंगे।
जगह-जगह प्रार्थना सभा
हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारा की प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने दिवंगतों की आत्मा की शांति हेतु विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की। युवक कौमी एकता कमेटी ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। समाजसेवी संस्था संजीवी ने भी एक विशेष आयोजन में दिवंगतों की आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की। मप्र श्रम कल्याण मंडल में शनिवार को दो मिनट मौन रख कर मुंबई के शहीदों को सलामी दी गई।
जारी रहेगा क्रम
शिवसेना की राज्य इकाई ने मुंबई कांड के खिलाफ रविवार को नादिरा बस स्टैंड चौराहा पर पुतला दहन की घोषणा की है। छह नंबर बस स्टॉप पर रविवार को 1100 मोमबत्तियां जला कर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।