Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsMetrosIndore Indore

आतंकवाद के खिलाफ सब एक

इंदौर. मुंबई में हुई आतंकवादी घटनाओं पर हजयात्रियों ने विरोध जताया है। शनिवार को एयरपोर्ट पर यात्रियों ने विरोधस्वरूप बाजू पर काली पट्टी बांधी और देश में अमन-शांति के लिए दुआ की। शनिवार से हज की अतिरिक्त उड़ान शुरू हुई। यात्रा की शुरुआत से पहले एयरपोर्ट पर बनाए गए अस्थायी हज टर्मिनल में यात्रियों ने बाजू पर काली पट्टी बांधकर मुंबई की आतंकी घटना की निंदा की। यहां महिलाएं भी शामिल थीं।

टर्मिनल में मौजूद प्रत्येक व्यक्ति ने आतंकवाद के खिलाफ किए गए इस विरोध में सहभागिता की। हजयात्रियों ने देश में अमन-शांति के लिए दुआ भी की। यात्री शब्बीर अली, अजरा सुल्तान, अनवर अली, शाहस्ता परवीन आदि ने कहा आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जाना जरूरी है। हम काबा में अल्लाह से देश में शांति व भाईचारे की दुआ करेंगे। मुंबई की आतंकी घटना ने देश को हिलाकर रख दिया है। विभिन्न समुदाय के लोगों ने घटना की कड़ी भत्र्सना की है। सभी ने कहा कोई भी धर्म आतंकवाद की राह नहीं दिखाता और आतंकवादी का कोई धर्म नहीं होता। आतंकवादी देश को तोड़ने की कोशिश में लगे हैं लेकिन हम सब एक हैं।

संतों ने दी श्रद्धांजलि
षटदर्शन इंदौर विरक्त मंडल ने पंचकुइया राम मंदिर पर मुंबई की आतंकी घटना पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। यहां धारावराधाम के अधिष्ठाता महंत घनश्यामदास महाराज, महंत गोपालदास महाराज, राधे-राधे बाबा, महंत रामचरणदासजी महाराज, महंत लक्ष्मणदासजी महाराज आदि ने घटना में मारे गए लोगों, सेना व पुलिस के कर्मचारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्पेशल बच्चों ने व्यक्त की संवेदनाएं
नरिमन हाउस.. ताज होटल और समुद्र के रास्ते आते आतंकी इन सभी को अपनी कल्पना में ढालते हुए शीट पर उकेरा स्पेशल बच्चों ने। इन बच्चों के भीतर जितना डर ईश्वर द्वारा दी गई इन चुनौतियों का नहीं था उससे ज्यादा आतंकवाद से जूझते समाज की चिंता थी। शनिवार को सत्यसांई स्कूल में 200 स्पेशल बच्चों ने सद्भाव- कोशिश साथ चलने की कार्यक्रम में रंगों के माध्यम से अपने भीतर के इस आतंकी खौफ और संवेदनाओं को व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्कूल के पांचवीं से नौवीं कक्षा के छात्रो ने भी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया।

आतंकी की कोई जाति नहीं होती
शहरकाजी डॉ. इशरत अली ने कहा मुंबई की घटना की जितनी निंदा की जाए कम है। आतंकवादी की कोई जाति या धर्म नहीं होता। यह काम फिरकापरस्त ताकतों का है। मुफ्ती-ए-मालवा मोहम्मद हबीबयार खान ने कहा कोई धर्म आतंकी वारदात की इजाजत नहीं देता। शफी मोहम्मद शेख ने कहा जो भी हुआ वह गलत है। इस्लाम में साफ तौर पर कहा गया है एक निर्दोष की हत्या मानवता की हत्या करने के समान है।

श्रद्धांजलि स्वरूप कीर्तन एवं असरदास होगी
मुंबई में हुई आतंकी वारदात के खिलाफ इंदौर गुरुसिंघ सभा ने कड़ी भत्र्सना की है। सभा के प्रधान गुरदीपसिंह भाटिया व प्रवक्ता रघुवीरसिंह खनूजा ने बताया सिक्ख समुदाय ने घटना पर विरोध जताया है। श्री भाटिया ने बताया आतंकी वारदात का शिकार हुए इंदौर के गौरव जैन के लिए रविवार को गुरुद्वारे में सुबह 11 बजे श्रद्धांजलि स्वरूप कीर्तन एवं अरदास की जाएगी।

शर्मनाक घटना है
सेंट एंस चर्च के फादर जोशुआ मगनजी ने कहा आतंकवाद किसी धर्म से जुड़ा नहीं है। किसी भी धर्म का उद्देश्य मानवीय मूल्यों की स्थापना करना है। धर्म का रास्ता प्रेम, दया व करुणा से होकर गुजरता है जो इंसान को सीधे ईश्वर से जोड़ता है। फादर प्रसाद बोले मुंबई की घटना दु:खद और शर्मनाक है। मुंबई में हुई घटना की मैं कड़ी भत्र्सना करता हूं।

मोमबत्ती जलाकर दी श्रद्धांजलि
रणजीतसिंह कॉलेज में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। सभा को कॉलेज के चेयरमैन डॉ. बालकृष्ण पंजाबी ने संबोधित करते हुए आतंकवादी हमले की निंदा की। इस अवसर पर सतविंदरसिंह, डॉ. आनंद निघोजकर, डॉ. निशिथ दुबे, डॉ. अंजनी फड़नीस आदि ने मोमबत्ती जलाकर दिवंगतों को श्रद्धांजलि दी।

गुजराती कॉलेज में हुई श्रद्धांजलि सभा
श्री रावजीभाई गोकुलभाई पटेल गुजराती प्रोफेशनल कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा कर विद्याथिर्यों एवं स्टाफ ने श्रद्धांजलि दी। संस्था के निदेशक डॉ. राजीव सेम्यूल ने कहा आतंकवादियों का कोई धर्म नहीं होता। समाज से इस विकृति को दूर करने के लिए सभी युवाओं को जाग्रत होना पड़ेगा।

गोस्वामी समाज ने की निंदा
आतंकी घटना की गोस्वामी समाज ने निंदा की है। बैठक में इंदौर दशनाम गोस्वामी समाज अध्यक्ष महंत सुरेंद्र पुरी, अखिल भारतीय गोस्वामी समाज के के.के. गोस्वामी, गोस्वामी सोशल ग्रुप के प्रमुख एडवोकेट भारतपुरी रामपुरी गोस्वामी, महंत गणपत भारती, महंत महेंद्र पुरी, एडवोकेट तनसुख पुरी सहित गोस्वामी समाज ने आतंकी वारदात में मारे गए लोगों का श्रद्धांजलि दी।

विश्व शांति के लिए प्रार्थना
खंडवा रोड स्थित स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मुंबई आतंकी हमलों में निदरेष लोगों के मारे जाने एवं सेना के जवानों की शहादत पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। आरआरएमबी गुजराती उमावि में प्राचार्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति में शोकसभा हुई। प.म.ब. गुजराती विज्ञान महाविद्यालय में शनिवार से प्रारंभ हुई वि.वि. प्रायोगिक परीक्षा के पूर्व विभिन्न विभागों में छात्र-छात्राओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। शासी निकाय अध्यक्ष अमित भाई दवे एवं प्राचार्य डॉ. ओ.पी. जोशी ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी। श्री गुजराती समाज नर्सरी टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज व बीएड कॉलेज के समस्त छात्र व स्टाफ द्वारा शहीद हुए लोगों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: