|
इंदौर. विधानसभा चुनाव-2008 के लिए इंदौर क्षेत्र-एक व चार के एक-एक बूथ पर रविवार को मतदान होगा। इसके लिए मतदान दल अपने-अपने बूथ पर शनिवार को पहुंच गए। सुबह 7 बजे मॉक पोल होगा और मतदान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। इन बूथों पर मतदान करने वाले लोगों के यहां उम्मीदवारों के कार्यकर्ता पर्ची वितरण के लिए भी पहुंचे। विधानसभा क्षेत्र चार के पोलिंग बूथ पर अनियमितता बरतने पर शनिवार को पीठासीन अधिकारी व तीनों पोलिंग अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया।
इंदौर-1 में बाणगंगा स्थित यादवनंदनगर के बूथ नंबर 32 (सन शाइन स्कूल) तथा इंदौर-4 के लोधीपुरा के बूथ नंबर 33 (भटेवरा समाज धर्मशाला) में पुनर्मतदान होगा। बूथ 32 में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का क्लोज बटन दब जाने के कारण मतदाताओं के वोट दर्ज नहीं हो सके थे जिससे पुनर्मतदान कराया जा रहा है। यहां 1090 मत हैं और गुरुवार को हुए मतदान के दौरान 662 मत डले थे। बूथ 33 में वोटिंग मशीन और हाजिरी रजिस्टर में 13 वोटों का अंतर पाया गया था।
जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बूथ 33 के पीठासीन अधिकारी वसीम खान, पोलिंग अधिकारी वर्ग एक कुमारी मंजु चौधरी, पोलिंग अधिकारी वर्ग दो रागिनी पटवर्धन तथा पोलिंग अधिकारी वर्ग तीन सी.पी. सेन को निलंबित कर दिया गया है। गुरुवार को यहां 416 में से 294 मत डाले गए थे।
प्रत्याशी या कार्यकर्ता पहुंचे क्षेत्र में
बूथ 32 में तो कांग्रेस प्रत्याशी संजय शुक्ला व भाजपा के सुदर्शन गुप्ता दोनों ही पहुंचे। बूथ 33 में भाजपा की मालिनी गौड़ व बसपा के डॉ. रतन जायसवाल ने कुछ लोगों से सौहार्द भेंट की। बताया जाता है भाजपा संगठन ने कैलाश शर्मा को भी पुनर्मतदान से पूर्व सक्रियता बढ़ाने की बात कही है क्योंकि गुरुवार को वे मतदान के दौरान क्षेत्र में दिखे ही नहीं। ऐसे ही पार्षद शंकर यादव पर भी उसकी निगाह है क्योंकि मतदान के दिन वे द्वारकापुरी में एक ही दुकान पर अधिकांश समय बैठे रहे थे।