Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsNational National

केन्द्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल का इस्तीफा मंजूर

नई दिल्ली. मुंबई पर आतंकी हमले की ‘नैतिक जिम्मेदारी’ लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटील ने रविवार को सर्वदलीय बैठक से ठीक पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपना इस्तीफा भेज दिया। उनकी जगह वित्तमंत्री पी चिदंबरम को नया गृहमंत्री बनाया गया है। वित्त मंत्रालय फिलहाल प्रधानमंत्री के पास ही रहेगा। गृहमंत्री पद के लिए विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी के नाम पर भी विचार हुआ लेकिन बताया गया कि मुखर्जी इस नई ‘चुनौती’ के लिए इच्छुक नहीं थे।

राष्ट्रपति भवन के एक प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने पाटील का इस्तीफा मंजूर कर लिया है और उनकी जगह चिदंबरम को नया गृहमंत्री नियुक्त किया है। मुंबई पर हमले के मद्देनजर शनिवार रात बुलाई गई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के यह कहने कि मुंबई कांड की किसी न किसी को तो जिम्मेदारी लेनी ही होगी, पाटील का इस्तीफा तय हो गया था। न सिर्फ विपक्ष बल्कि पी. चिदंबरम, कमलनाथ, कपिल सिब्बल और हंसराज भारद्वाज जैसे केंद्रीय मंत्रियों ने भी ढिलाई पर उनकी आलोचना की थी। कोई सख्त फैसला करना कार्यसमिति के लिए लाजिमी हो गया था।

कार्यसमिति की बैठक के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि मुंबई हमले के बाद अब कड़े फैसले करने चाहिए और ऊपर से लेकर नीचे के स्तर तक जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। कार्यसमिति में इस बात पर आमराय थी कि सरकार का सियासी चेहरा मूलभूत बदलावों से ही बचाया जा सकता है। मुंबई में एनएसजी के कमांडो आपरेशन में देरी के लिए जिम्मेदार गृह मंत्रालय को ही बताया जा रहा है।

ये तो होना ही था
पाटील की रुखसती के संकेत शनिवार से ही मिलने लगे थे। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने रात पत्रकारों से बातचीत में पाटील के इस्तीफे की बाबत कहा था-देखते जाइए, समय सब बता देगा। राजनीति में चार दशक से ज्यादा समय गुजार चुके शिवराज पाटील इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के वफादार रहे हैं और बार-बार विस्फोट के बाद उन्हें हटाने की मांग की सोनिया गांधी ने हर बार अनसुनी की।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: