|
उदयपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने शनिवार को बांसवाड़ा के गढ़ी और राजसमंद जिले के नाथद्वारा में हुईं चुनावी सभाओं में राजस्थान के नवनिर्माण के लिए वोट देने की अपील की।
स्टार प्रचारक राहुल का कहना था कि राजस्थान सरकार ने विकास के बजाय किसानों को गोलियां मारी हैं। उन्होंने सिरोही जिले में आबूरोड़ के पास गणका गांव और जालोर जिले के भीनमाल में जनसभा को संबोधित करते हुए आंतरिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को कड़ी सजा देने की वकालत की। उन्होंने कहा कि हम डरेंगे नहीं, बल्कि आतंकवाद के खात्मे के लिए एकजुट होकर लड़ेंगे।
श्रीनाथजी को किया नमन
नाथद्वारा विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. सीपी के समर्थन में दामोदारलाल मैदान में उन्होंने सभा की शुरुआत श्रीनाथजी और महाराणा प्रताप को नमन करके की। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर गांवों में बिजली आई नहीं लेकिन बिजली के बिल आते रहे। अब इलेक्शन आ गए हैं आप ऐसी सरकार चुनें जो आम आदमी की लड़ाई लड़े।
गढ़ी में जनता से खुलकर मिले राहुल
गढ़ी (बांसवाड़ा) सीट से प्रत्याशी कांता गरासिया के समर्थन में भी राहुल गांधी ने सभा ली। सभा के बाद वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं से खुलकर मिले। सारे सुरक्षा प्रबंधों को तोड़कर मंच के नीचे उतरकर उन्होंने हाथ मिलाए। उनसे हाथ मिलाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। ग्राउंड के बाहर दीवार के उस पार खड़े लोगों से हाथ मिलाने के लिए वे बेरिकेट्स को तोड़कर दीवार पर चढ़ गए।
भीनमाल में बोले-राज्य का विकास ठप हो गया
जालौर जिले के भीनमाल में राहुल ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ सभी को एक होना होगा और मिल-जुलकर लड़ना होगा। जब देश पर हमला हो तो समय राजनीति करने का नहीं होता बल्कि सभी को साथ लेकर चलने का होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पांच साल में जातिवाद का जहर घोला। इसके साथ ही खूब भ्रष्टाचार भी किया। इससे राज्य का विकास ठप हो गया।
रेवदर में कहा-आतंकवाद से लड़ना होगा
राहुल ने मुंबई में आतंकी हमले के संदर्भ में कहा कि जितना हम डरेंगे आतंकी हमें उतना ही डराएंगे। उन्होंने अपने संक्षिप्त भाषण में कई बार राज्य की भाजपा सरकार पर सीधे निशाने साधे।
राहुल मेवाड़ का दत्तक पुत्र : राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. गिरिजा व्यास ने कहा कि मेवाड़ राहुल गांधी को दत्तक पुत्र के रूप में स्वीकार करता है। इस पर लोगों ने हाथ उठाकर समर्थन किया।