|
जयपुर. भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले 25 लाख लोगों को 2 रुपए किलों और मध्यम वर्ग को 5 रुपए किलो गेहूं देने के साथ ही किसानों का लगान माफ करने और आधी दर पर बिजली मुहैया करवाने का वादा किया है।
यह घोषणा पत्र शनिवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और राज्य के चुनाव प्रभारी वेंकैया नायडू ने जारी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रामदास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश माथुर, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रकाश जावड़ेकर, राष्ट्रीय सचिव स्मृति ईरानी, राज्यसभा सांसद नजमा हेपतुल्ला, जगदीप धनखड़ और प्रदेश प्रवक्ता अरुण चतुर्वेदी उपस्थित थे।
लाडली लक्ष्मी योजना : भ्रूण हत्या रोकने और महिला विकास के लिए कन्या के जन्म पर एक निश्चित राशि राज्य सरकार जमा करेगी। कन्या के 21 वर्ष की होने पर 50 हजार रुपए मिलेंगे जिसका उपयोग उच्च शिक्षा, व्यवसाय या शादी के लिए किया जा सकेगा।
विश्वकर्मा पेंशन योजना : असंगठित कामगारों यथा थड़ी ठेले वाले, पल्लेदार, दुकानों पर काम करने वाले, घर पर काम करने वालों के लिए यह योजना लागू होगी।
कर्मचारी वर्ग : छठे वेतन आयोग की विसंगतियों को दूर करने के लिए केबिनेट मंत्री स्तर की समिति बनेगी।
मुफ्त शिक्षा : राजकीय विद्यालय और महाविद्यालय में पढ़ने वाली लड़कियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
मिड डे मील : 12 वीं कक्षा तक मिड डे मील योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
वृद्धों को पेंशन : वृद्धों की पेंशन बढ़ाकर 500 रुपए प्रतिमाह की जाएगी। वर्तमान में यह राशि 400 रुपए है।
पूर्व सैनिकों के लिए : पूर्व सैनिकों के लिए निगम का गठन होगा और इनके लिए भूमि आबंटन के विवादों का तुरंत निबटारा किया जाएगा।
सड़क : 50 से अधिक आबादी वाले गांव ढाणियों में सड़कों का निर्माण होगा। तेज यातायात वाले चार से छह लेन के हाइवे जोड़ने की विशेष योजना सार्वजनिक निजी सहभागिता से बनाएंगे।
सिंचाई : अगले पांच वषों में सिंचाई के लिए 10 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे 90 प्रतिशत भंडारण और पेयजल की व्यवस्था हो सके।
उद्योग : दिल्ली के पास विशेष औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले चुनाव में पार्टी ने 243 घोषणाएं की थी। इनमें से 240 घोषणाओं की क्रियान्विति हो गई। शेष रही घोषणाएं केंद्र के सहयोग से होनी थी और केंद्र से सहयोग नहीं मिलने के कारण पूरी नहीं हो पाई।
सस्ता गेहूं : भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में बीपीएल को 2 रुपए प्रतिकिलो और एपीएल परिवारों को 5 रुपए किलो गेहूं देने की घोषणा की है। अभी बीपीएल परिवारों को 4.70 रुपए और एपीएल परिवारों को 12 रुपए किलो गेहूं मिल रहे हैं।
सौभाग्याकांक्षी योजना : समस्त बीपीएल परिवारों तथा अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सीमांत किसानों के चयनित परिवारों की लड़कियों को पढ़-लिखकर 21 वर्ष से अधिक उम्र में विवाह करने के लिए प्रोत्साहन योजना लाएंगे।
दस लाख रोजगार : इसके लिए कारगर योजना तैयार की गई है। इसमें सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्रों में नौकरियों के अवसर होंगे।
धन्वंतरि स्वास्थ्य योजना : बीपीएल परिवारों तथा अजा, जजा, ओबीसी तथा सीमांत किसानों के चयनित परिवारों के लिए 1 लाख रुपए प्रति परिवार के हिसाब से 5 गंभीर बीमारियों के लिए यह योजना क्रियान्वित करेंगे।
बिजली की दरें कम : किसानों को आधी दरों पर बिजली दी जाएगी। वर्तमान में किसानों को 1.10 रुपए प्रति यूनिट की दर से आपूर्ति की जा रही है। किसानों को 8 घंटे बिजली देना सुनिश्चित किया जाएगा। अंतर की राशि राज्य सरकार वहन करेगी।
लगान माफ : भाजपा ने किसानों का लगान माफ करने की घोषणा की है।
4 फीसदी में कृषि ऋण : किसानों को 4 प्रतिशत की दर से कृषि ऋण दिया जाएगा। प्रत्यक्ष दर और 4 प्रतिशत के बीच की दर का अंतर सरकार वहन करेगी।