|
मुंबई.
स्वर कोकिला लता मंगेशकर ने मुंबई पर आतंकी हमले को शहर की छवि पर बड़ा आघात माना है। अपने दर्द को बयान करते हुए उन्होंने कहा ‘जिंदगी में मैंने खुद को इतना परेशान कभी महसूस नहीं किया। पिछले तीन दिनों में मैं करीब 300 बार रोई हूं।’
एक समाचार एजेंसी से चर्चा करते हुए महान पाश्र्वगायिका ने कहा कि पिछले तीन दिनों से वे होशोहवाश खोकर टीवी देख रही हैं। अपनी भावनाओं को वे शब्दों में व्यक्त नहीं कर सकतीं। पता नहीं क्यों, पिछले कुछ दिनों से लग रहा थ्था कि गुजरात और दिल्ली के बाद आतंकियों का अगला निशाना मुंबई हो सकता है, लेकिन यह कल्पना नहीं की थी कि हमला इतना भयावह होगा।
सबक नहीं लिया: लता जी ने कहा ‘मुझे नहीं लगता कि पिछले हमलों के बाद हम किसी तरह से सतर्क हुए हैं।’ स्वर साम्राज्ञी ने बताया ‘एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे को मैं व्यक्तिगत तौर पर जानती थीं। आज जब वे दुनिया में नहीं है, मुझे लगता है कि वे आसपास ही कहीं हैं। आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शहीदों की याद में टीवी पर ‘ऐ मेरे वतन के लोगो’ सुनते हुए मुझे उसी दर्द का अहसास हुआ जैसा इस गीत को पहली बार गाते वक्त हुआ था।’