Breaking News 
bhaskar Web English


HomeSportsCricket Cricket

टीम इंडिया का पाकिस्तान दौरा रद्द

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम अगले साल जनवरी-फरवरी में पाकिस्तान के प्रस्तावित दौरे पर नहीं जाएगी। टीम इंडिया को 6 जनवरी से 19 फरवरी के बीच वहां 3 टेस्ट, 5 वनडे और एक ट्वेंटी-20 क्रिकेट मैच खेलना था। बीसीसीआई के शीर्ष सूत्र ने यह जानकारी देते हुए बताया कि टीम इंडिया किसी तटस्थ स्थान पर भी पाकिस्तान के साथ क्रिकेट सीरीज नहीं खेलेगी।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के शीर्ष सूत्र के अनुसार, टीम इंडिया का पाकिस्तान दौरा रद्द करने का निर्णय भारत सरकार की खुफिया रिपोर्ट के आधार पर लिया गया है। हालांकि, बीसीसीआई ने अधिकृत रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है। गौरतलब है कि पाकिस्तान में सुरक्षा की नाजुक स्थिति के चलते पहले ही इस दौरे पर आशंका के बादल मंडरा रहे थे। मुंबई में आतंकी हमले के बाद इसकी संभावना और क्षीण हो गई है। बीसीसीआई सूत्र ने यह भी कहा कि मुंबई की घटना के बाद पाकिस्तान से खराब होते संबंधों के चलते भारत अतीत की तरह पड़ोसी देश से क्रिकेट संबंध तोड़ भी सकता है।

इस संबंध में बीसीसीआई के वित्तीय समिति के अध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि बोर्ड को सरकार की ओर से ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। शुक्ला ने कहा,‘मेरी बोर्ड के सचिव एन. श्रीनिवासन से बात हुई है। श्रीनिवासन ने दौरे से संबंधित भारत सरकार से कोई निर्देश मिलने से इंकार किया है।’ उन्होंने कहा कि भारत सरकार पाकिस्तान की सुरक्षा स्थिति का आकलन कर बीसीसीआई को दौरा करने या नहीं करने के बारे में दिशा-निर्देश देगी। यह तय है कि बीसीसीआई सरकार के निर्देशों का अनुसरण करेगी। गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने देश के सुरक्षा हालातों को सामान्य बताते हुए टीम इंडिया से दौरा करने की अपील की है।

इस बीच, बताते हैं कि भारत के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सहित शीर्ष क्रिकेटरों ने पाक दौरे पर जाने के प्रति अनिच्छा दर्शाई है। कुछ दिनों पूर्व मीडिया में इस तरह की खबरें थीं, जिनमें कहा गया था कि धोनी के अलावा सचिन तेंडुलकर, वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ भी पाकिस्तान जाने के पक्ष में नहीं हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: