|
News
International International इस्लामाबाद.
मुंबई में आतंकी हमले को लेकर भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे तनाव के बीच पाकिस्तानी ब्लॉगर्स ने मुंबईकरों के साथ एकजुटता दिखाई है। इस समर्थन के लिए इन्हें अपने देश में विरोध का सामना भी करना पड़ सकता है।
‘मुंबई निवासियों के साथ हूं’ :
‘ऑल थिंग पाकिस्तान’ नामक ब्लॉग पर आदिल नाजिम ने लिखा है, ‘मैं प्रार्थनाओं से लेकर हर जगह मुंबईकरों के साथ खड़ा हूं। जो कुछ हुआ उससे मुझे सदमा पहुंचा है और अब जो होने वाला है उससे मैं भयभीत हूं।’
विफल होंगे आतंकी :
वहीं, एक अन्य ब्लॉगर अली शहरयार ने ‘पाक टी हाउस’ ब्लॉग पर ‘ओड टू बॉम्बे’ शीर्षक देते हुए लिखा है, ‘एक बार फिर उन्होंने (आतंकियों) मायानगरी केहृदय पर हमला किया है। मुंबई में वो सब है, जिससे वे घृणा करते हैं। वे भारत को नष्ट करने में विफल होंगे। इसके अलावा वे हजारों वर्ष पुरानी सहिष्णुता और बुद्धिमत्ता की संस्कृति को भी नुकसान नहीं पहुंचा पाएंगे।’
नाराजगी भी जताई :
कुछ अन्य ब्लॉगर्स ने भी मुंबई पर आतंकी हमले की निंदा है, लेकिन इसके लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराने पर उन्होंने नाराजगी भी जताई है। एक ब्लॉगर ने लिखा है, ‘भारत के प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान पर उंगली उठाई है इसलिए मेरी इच्छा आदिल नाजिम की तरह मुंबईकर या कुछ और बनने की नहीं है।’
पाकिस्तान निर्दोष नहीं :
दूसरी ओर, कुछ ब्लॉगर्स ने साफ-साफ स्वीकार किया कि पाकिस्तान उतना निर्दोष नहीं है जितना वह बनने की कोशिश करता है। बंटी ने लिखा है, ‘मैं भी एक पाकिस्तानी हूं, लेकिन मैं स्पष्ट रूप से अपने देश के लोगों की बेगुनाही पर कुछ नहीं कह सकता हूं। आतंकी कार्रवाई करने वाले लोग किसी भी सभ्य समाज के लिए मुसीबत होते हैं इसलिए इनकी राष्ट्रीयता को भुलाकर इन्हें समाप्त कर देना चाहिए।’