|
मुंबई. मुंबई हमलों के सिलसिले में एकमात्र गिरफ्तार आतंकी मोहम्मद अजमल उर्फमोहम्मद अमीन कसाब ने पूछताछ में पांच लोगों के नाम बताए हैं, जिन्होंने स्थानीय स्तर पर हमलावरों की मदद की थी।
कसाब के अनुसार, इन लोगों ने आतंकियों को पनाह देने के साथ शहर के अहम स्थानों के नक्शे और पुलिस स्टेशन, चेकपोस्ट की जानकारी भी दी थी। कसाब ने इन लोगों के नाम-पते भी बताए हैं। एक टीवी चैनल के अनुसार, पुलिस ने इस सिलसिले में मुंबई महानगर पालिका के एक अधिकारी से पूछताछ भी शुरू कर दी है।
चार माह पहले आए थे : कसाब ने पुलिस को यह भी बताया कि उनके समूह के कुछ आतंकियों ने मॉरिशस के फर्जी पासपोर्ट पर चार माह पहले मुंबई का दौरा किया था और नरीमन हाउस में ही ठहरे थे। उन्होंने खुद को मलेशियाई छात्र बताया था। इसी दौरान उन्होंने ताज, ओबेरॉय और नरीमन हाउस के चप्पे-चेप्पे की जानकारी हासिल कर ली थी। उन्होंने मुंबई के संवेदनशील इलाकों के सैटेलाइट फोटो भी प्राप्त किए।
ताज में ठहरे थे : अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान आतंकी ताज के कमरा नंबर 630 में ठहरे थे। कसाब का कहना है कि इस दौरान करीब 29 लोगों ने आतंकियों से मुलाकात की थी। पुलिस ने कसाब के बताए नाम के आधार पर इन मददगारों की तलाश तेज कर दी है।
ताज को उड़ाना था मकसद : कसाब ने कहा कि आतंकियों का मकसद मुंबई की पहचान ताज होटल को विस्फोट से उड़ाने का था, लेकिन सुरक्षा बलों की तत्परता से की गई कार्रवाई के कारण यह मुमकिन नहीं हो सका। कसाब के अनुसार, आतंकी मुंबई में 9/11 जैसे बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने के मंसूबे से आए थे।