|
नई दिल्ली. मुंबई पर आंतकी हमले के मद्देनजर भारत ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है कि सरक्रीक के पास भारतीय जलसीमा में उसकी नौकाओं की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। गुजरात के पास सरक्रीक आतंकी हलचलों के लिए काफी कुख्यात रहा है और माना जा रहा है कि मुंबई पर हमले को अंजाम देने के लिए आंतकी इसी रास्ते से आए होंगे।
केंद्रीय गृहमंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को बताया कि पाकिस्तान को यह चेतावनी दे दी गई है कि हमारे जलक्षेत्र में किसी भी तरह की घुसपैठ को अब मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। शनिवार को गृहमंत्री (अब पूर्व) शिवराज पाटील की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह माना गया था कि तटवर्ती नौ राज्यों तथा चार केंद्र सासित प्रदेशों को महज सलाह देने से काम नहीं चलेगा। तटों की सुरक्षा के लिए तटरक्षक बल, नौसेना व पुलिस के बीच बेहतर तालमेल भी बहुत जरूरी है। ताजा खुफिया सूचनाओं के आधार पर गृहमंत्रालय ने तट सुरक्षा के लिए 400 नई चौकियों की स्थापना को भी मंजूरी दे दी है।
देश में सागरतट की लंबाई करीब 7,516 किलोमीटर है। यह नौ राज्यों व चार केंद्र शासित प्रदेशों में फैला है तथा 12 बड़े व 180 छोटे बंदरगाह समेटे है। सरकार अब मछुआरों की सभी नौकाओं को पंजीकृत करने और उनपर नजर रखने की योजना को भी कार्यरूप दे रही है। अभी तक तटों पर नौसेना व कस्टम विभाग निगरानी रखते हैं। महाराष्ट्र व गुजरात के तटों पर बढ़ती अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है। केंद्र ने दो साल पहले गश्त व तटीय निगरानी के लिए सुरक्षा योजना बनाई थी, जिसपर अमल होना अभी प्रारंभिक स्तर पर है।