|
नई दिल्ली. मुंबई हमलों की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में गुप्तचर ब्यूरो (आईबी) ने दावा किया है कि हमलावर आतंकियों की संख्या दस नहीं बल्कि 24 थी। इनमें से एक दर्जन से ज्यादा आतंकी मुंबई में कहर बरपाने के बाद सीमा पार भागने में सफल रहे। आईबी के सूत्रों ने ‘भास्कर’ को बताया कि यह रिपोर्ट नए गृहमंत्री पी चिदंबरम को सौंपी जाएगी। बतौर गृहमंत्री चिदंबरम की माथापच्ची के लिए यह पहली फाइल होगी।
ताज, ओबेरॉय-ट्राइडेंट और नरीमन हाउस में घुसे आतंकियों की संख्या के बारे में आईबी के अधिकारियों का मानना है कि हथियारों के जखीरे को देखते हुए यह कतई संभव नहीं कि उनकी संख्या 10 रही होगी।
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि मुंबई में अलग-अलग चरणों में चार-चार के ग्रुप में आतंकियों ने समुद्र के रास्ते से प्रवेश किया था। अंतिम चरणों में चार आतंकियों ने हमले के दो सप्ताह पहले मुंबई के एक इलाके में मकान किराए पर लिया था। इलाके और मकान मालिक की भी तस्दीक कर ली गई है, लेकिन उसका रिपोर्ट में फिलहाल जिक्र नहींे किया गया है। आतंकियों के दूसरे समूह ने हमले से दो दिन पहले ताज में कमरा बुक कराया था। आतंकियों का आखिरी दस्ता घटना के दिन ही मुंबई पहुंचा। पाकिस्तान की ओर से आतंकियों को पूरी मदद मिली है, लेकिन फिलहाल इस बारे में पक्के तौर पर कहना जल्दबाजी होगी।