|
भोपाल. आतंकी गतिविधियों से निपटने के लिए बनाए गए आतंकवाद निरोधक प्रकोष्ठ (एटीसी) में चयन के लिए सोमवार से साक्षात्कार शुरू होने जा रहे हैं। आईजी सीआईडी वीके सिंह की अध्यक्षता वाली कमेटी लिखित परीक्षा में चयनित पुलिसकर्मियों के साक्षात्कार लेगी।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक एटीसी में चयन के लिए जहांगीराबाद स्थित अपराध अन्वेषण शाखा मुख्यालय में साक्षात्कार होंगे। दो महीने पहले लाल परेड मैदान के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुए लिखित परीक्षा में सफल 250 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी साक्षात्कार में शामिल होंगे। इनमें सभी सिपाही से लेकर डीएसपी स्तर तक के हैं।
कमेटी लेगी साक्षात्कार
एटीसी में चयन के लिए साक्षात्कार समिति का गठन किया गया है, जिसमें सीआईडी के आईजी श्री सिंह के अलावा विशेष शाखा के आईजी यूसी षडंगी और एटीसी के डीआईजी पवन श्रीवास्तव शामिल हैं।
188 का होना है चयन अहमदाबाद में श्रंखलाबद्ध बम धमाकों के बाद राज्य में एटीसी के गठन की घोषणा की गई थी। इसमें 188 अधिकारी और कर्मचारी की पदस्थापना की जाएगी। चयनित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को 60 फीसदी अतिरिक्त भत्ता मिलेगा।