|
भोपाल. देश के उत्तर-पूर्वी हिस्से से उठी सर्द हवा ने मौसम के मिजाज में ठंडक घोल दी है। हालांकि बादलों की मौजूदगी के कारण तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि इन दिनों शहर में हवा का रुख उत्तर-पूर्वी है। इसलिए लोगों को ठंड का अहसास अधिक होगा। आने वाले 24 घंटों में सर्द हवा की वजह से तापमान में कम से कम एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जाने की संभावना है, जिससे ठंडक और बढ़ेगी। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बीते रोज की तुलना में 0.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री दर्ज किया गया।
जो बीते रोज की तुलना में 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
सात दिनों में यूं चढ़ा-उतरा पारा
तारीख न्यूनतम अधिकतम
24 10.6 26.6
25 11.0 28.6
26 12.6 30.4
27 11.4 27.2
28 11.6 27.2
29 13.0 27.2
30 14.6 27.7
(आंकड़े डिग्री सेल्सियम में)
पिकनिक मनाई
अटखेलियां करते बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी के चलते रविवार को राजधानी का मौसम सुहाना रहा। साप्ताहिक अवकाश और सुहाने मौसम के कारण शहर के पिकनिक स्पाट आबाद रहे। सैलानियों का रुख वन विहार, बोट क्लब और विभिन्न पार्र्को की तरफ ज्यादा रहा। मौसम के इस मिजाज का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया। सुबह से ही वन विहार में लोगों की भीड़ देखी गई। दोपहर होते-होते पर्यटकों की संख्या में इजाफा हो गया। शाम होने तक 1080 लोगों ने वन विहार की सैर की। यह संख्या सामान्य दिनों से ज्यादा थी। ऐसे ही नजारे बोट क्लब, चिनार और एकांत पार्क में देखने को मिले। सैलानी न सिर्फ तफरी करने यहां आए। बल्कि कर्मचारियों ने यहीं चुनाव की थकान भी उतारी। परिवार के साथ घूमने आए लोगों ने वृक्षों की छांव में बैठकर भोजन किया और पार्क में चहल-कदमी की। चिनार पार्क में स्कूली बच्चों के साथ अभिभावक घूमते दिखाई दिए। यहां युवाओं की टोलियां भी नजर र्आई। एकांत पार्क में सुबह और शाम को सैलानियों की खासी भीड़ देखी गई।