|
पटियालानर्मदा बचाओ आंदोलन की नेता मेधा पाटकर को पंजाब जैसे समृद्ध राज्य में किसानों के आत्महत्या करने की खबरें सबसे दुखद अहसास देती हैं। मेधा रविवार को यहां नेशनल एलांइस ऑफ पीपुल्स मूवमेंट (एनएपीएम) से जुड़े समाजसेवी सिमरप्रीत सिंह के विवाह समारोह में आई थीं।
इस दौरान मुंबई पर आतंकी हमले की निंदा करते हुए पाटकर ने कहा कि आतंकवाद देश में फैल रही एक महामारी है। इसने हर किसी को प्रभावित किया है। ऑपरेशन ब्लू स्टार व गोधरा कांड इसी ही देन है।
स्पेशल इकॉनोमिक जोन (सेज) को ‘स्पेशल एक्सप्लॉइटेशन जोन’ बताते हुए उन्होंने कहा, देश में हर जगह औद्योगिकरण के लिए कृषि भूमि का इस्तेमाल किया जा रहा है। उचित योजना के अभाव में ऐसे कदम आने वाले समय में देश के लिए घातक साबित हो सकते हैं।
देश की प्रमुख नदियों को आपस में जोड़ने संबंधी योजना की आलोचना करते हुए पाटेकर ने कहा कि यह व्यावहारिक नहीं है। उन्होंने कहा कि इससे देश में कोसी जैसी प्रलय के हालात बन जाएंगे।