|
जयपुर.शहर में रविवार को हुए विभिन्न हादसों में चार जनों की मौत हो गई तथा शनिवार को दुर्घटना में घायल हुए एक युवक ने एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। दुर्घटना पुलिस के अनुसार आदर्श नगर में विजयसिंह (25) जनता कॉलोनी में एक निमार्णाधीन मॉल में चिनाई का काम करता था तथा मध्यप्रदेश के मुरैना का रहने वाला था। रविवार सुबह 5:00 बजे वह मनोचिकित्सालय के सामने सड़क पार कर रहा था। इस दौरान बर्फखाने की ओर से आए एक ट्रक ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल विजय को आसपास के लोगों ने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर मंगल विहार आगरा रोड निवासी राजेश कुमार (38) रविवार दोपहर 3:30 बजे मोपेड से जयपुर की ओर आ रहा था। चूलगिरि के पास पीछे से तेजी से आए एक ट्रक ने मोपेड को टक्कर मार दी। ट्रक से कुचल कर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मानसरोवर पुलिस के अनुसार रोडवेज बस की चपेट में आए युवक की शिनाख्त अंकित पारीक (20) के रूप में हुई है। पेट्रोल पंप के सामने रविवार रात 8:30 बजे रोडवेज बस मानसरोवर की तरफ से आ रही थी, तभी गुर्जर की थड़ी से मोटरसाइकिल से आ रहा अंकित बस की चपेट में आ गया। लोगों ने उसे एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
अशोक नगर थाना इलाके में रात करीब 10:00 बजे स्टेच्यू सर्किल के पास बाइक सवार दो युवक पिकअप की चपेट में आ गए। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए दोनों युवकों को लोगों ने एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां पांचबत्ती न्यू कॉलोनी निवासी गोविंद सिंह (25) की मौत हो गई, जबकि उसके साथी अजय सिंह की स्थिति नाजुक बनी हुई है।
इसी तरह शनिवार रात 8 बजे सांगानेर इलाके में टोंक रोड टोल टैक्स के नजदीक रामनगर निवासी रामू बगरिया (25) अपने मामा के लड़के प्रभु (24) के साथ प्रताप नगर जा रहा था। बंबाला पुलिया के नजदीक किसी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रामू को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर घायल हुए प्रभु का उपचार जारी है।