|
जयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग, नेट व ओबीसी बैंक की प्रोबेशनरी ऑफिसर (पीओ) की परीक्षाएं एक ही दिन होने से परीक्षार्थियों के सामने परेशानी आ गई है। लोक सेवा आयोग ने आरएएस प्री परीक्षा 21 दिसंबर को निर्धारित की है। इसी दिन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की नेट व ओबीसी बैंक की पीओ परीक्षा है। इन तीनों परीक्षाओं में ढाई लाख परीक्षार्थी पूरे राज्य से शामिल हो रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि प्री आरएएस की तारीख नहीं बदली गई तो परीक्षार्थी दो परीक्षाएं देने से वंचित रह जाएंगे। इन छात्रों का कहना है कि पिछले साल भी ये दोनों परीक्षाएं एक ही दिन थीं। नेट की परीक्षा हर साल दिसंबर के तीसरे सप्ताह में होती है। लोक सेवा आयोग का ध्यान इस ओर दिलाया गया था, लेकिन इसका कोई परिणाम नहीं निकला।
आयोग ने फिर पिछले साल वाली गलती दोहरा दी। छात्रों ने इस संबंध में लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष को ज्ञापन भी दिया है। उनका कहना है कि आरएएस प्री की तारीख नहीं बदली गई तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।