Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

कांग्रेस के हाथ में देश असुरक्षित : नायडू

उदयपुर. भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वेंकैया नायडू के मुताबिक कांग्रेस के हाथ में देश असुरक्षित है। केंद्र सरकार हर मोर्च पर विफल है। देश आतंकवाद से जूझ रहा है और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह हर हमले के बाद एक ही बात कहते हैं कि हम इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश की कृषि भी खतरे में हैं।

सरकार ने ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका से बिना सोचे 1600 क्विंटल गेंहू खरीदा। इससे किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। केंद्र सरकार ने किसानों का ऋण माफ करने का वादा किया था, लेकिन इसमें भी वादाखिलाफी हुई है।

इंटेलीजेंस विफल :

नायडू ने कहा कि देश का इंटेलीजेंस सिस्टम जर्जर हो चुका है। सरकार के पास आतंकवाद से निपटने के लिए टीम व पावर नहीं है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से सजा सुनाए जाने के बाद भी आतंकी अफजल गुरु को बचाए रखने का परिणाम देश को मुंबई पर हुए आतंकी हमले के रूप में झेलना पड़ा।

इंटेलीजेंस तो साधु-साध्वियों के पीछे पड़ी हैं, जबकि बाहरी आतंकी देश में घुस रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में ‘पोटा’ की सख्त जरुरत है।

अकेले पाटिल दोषी नहीं :

मुंबई में हुए आतंकी हमले को लेकर शिवराज पाटिल के केंद्रीय गृहमंत्री पद से इस्तीफा देने पर उन्होंने कहा कि केवल वे ही दोषी नहीं हैं। आतंकवाद से मुकाबला करने की सरकार की नीयत ही नहीं है। इस घटना के लिए पूरी केंद्र सरकार दोषी है। पूरी दुनिया मान चुकी है कि पाकिस्तान भारत में आतंकी घटनाओं का कारण है। पाकिस्तान पर दबाव बनाया जाना चाहिए कि वह वहां छिपे आतंकियों को निकाल बाहर करे।

हमारे पास कोई जादू नहीं है

नायडू ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के लिए भाजपा के पास भी कोई जादू नहीं है, लेकिन हम केंद्र में सत्ता में आए तो आतंकवाद से निबटने के लिए देशवासियों की मानसिकता में परिवर्तन लाएंगे। आतंकवाद से निबटने के लिए विशेष कोर्ट की स्थापना की जाएंगी।

केवल देश का भूगोल जानने के लिए घूम रहे हैं राहुल : वैंकय्या

नायडू ने कहा कि वसुंधरा सरकार ने पांच साल में राजस्थान में विकास की गंगा बहाई है। बिजली, पानी की व्यवस्था की गई, सड़कों का जाल बिछाया गया है। एक लाख 30 हजार शिक्षकों को नौकरियां दी गई। जनता समझदार है वह 50 सालों और पांच साल में हुए विकास को देख रही है। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि राहुल गांधी को अभी देश के बारे में कुछ भी पता नहीं। वे भौगोलिक स्थिति देखने के लिए घूम रहे हैं। उन्हें घूमने दो।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: