Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsNational National

उच्च वर्ग के गरीबों को आरक्षण मिले : मायावती

भीलवाड़ा. राजस्थान में हो रहे विधानसभा चुनावों में बहुजन समाज पार्टी ने किसी भी पार्टी से कोई समझौता नहीं किया है। हमारी पार्टी यहां अपने बूते पर ही चुनाव लड़ रही है। उच्च वर्ग के गरीब लोगों को आरक्षण मिलना चाहिए। यह बात बसपा सुप्रीमो व उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने कही। वे रविवार को नगरपरिषद के चित्रकूट धाम में अजमेर संभाग से लड़ रहे बसपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित कर रहीं थीं।

मायावती ने कहा कि देश पर अब तक कांग्रेस व भाजपा ने ही शासन किया है। इन पार्टियों ने 60 वर्षो में दलित वर्ग, पिछड़ा वर्ग, गरीब लोगों के आर्थिक विकास के लिए कोई काम नहीं किया। यही कारण है कि इन वर्गो के युवाओं को नक्सली बनने पर मजबूर होना पड़ा है। आरक्षण के संबंध में मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी उच्च वर्ग के गरीब लोगों को आरक्षण देने की पक्षधर है। इसके लिए कई बार केंद्र सरकार को चिट्ठी लिखी, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि बसपा की नीतियां किसी जाति, धर्म के खिलाफ नहीं है। उनकी पार्टी सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय पर आधारित है।

सभा समाप्त होते ही कार्यकर्ता सभा स्थल पर लगे बैनर, झंडे और होर्डिग्स पर झपट पड़े और लेकर चले गए। इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव धर्मवीर अशोक, प्रदेश अध्यक्ष डूंगरराम गेदर, अजमेर संभाग प्रभारी राजेंद्र बैरवा, जिलाध्यक्ष विनोद जैन सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।

उप्र की खूबियां गिनाई

बसपा सुप्रीमो मायावती ने चुनावी सभा में राजस्थान में बसपा की सरकार बनाने के लिए समर्थन मांगते हुए उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार द्वारा किए गए कार्यो को खूब गिनाया।

मनोरंजन का इंतजाम

बहुजन समाज पार्टी की सभा शुरू होने से पहले मायावती का भाषण सुनने आए लोगों के मनोरंजन का ध्यान रखा गया। इसमें दिल्ली की मेहरा एंड पार्टी ने बसपा की प्रशंसा चुनावी गीत गाकर की।

किया सोने का मुकुट भेंट

बहुजन समाज पार्टी द्वारा भीलवाड़ा लोकसभा से घोषित प्रत्याशी हरीश गुर्जर ने मायावती को सोने का मुकुट भेंट किया।

एक मंच पर संभाग के प्रत्याशी

चित्रकूट धाम में हुई सभा में अजमेर संभाग के भीलवाड़ा जिले की भीलवाड़ा सीट के प्रत्याशी महावीर प्रसाद शर्मा, मांडल प्रत्याशी बाबूलाल गाडरी, शाहपुरा के लक्ष्मण बैरवा, जहाजपुर के अवधेश शर्मा, मांडलगढ़ के हीरालाल गुर्जर, गंगापुर के मनोज सेठिया सहित अजमेर, चित्तौड़गढ़ व राजसमंद जिले से चुनाव लड़ रहे बसपा के प्रत्याशियों ने हाथ जोड़कर बसपा के लिए समर्थन मांगा।

आसमान की ओर जमीं निगाहें

मायावती को देखने व सुनने के लिए आए लोगों की आंखें आसमान की ओर जमी रहीं। दोपहर 12.22 बजे जैसे ही हैलीकाफ्टर नजर आया, वैसे ही सभा स्थल पर लोग खड़े हो ऊपर की ओर देखने लगे। 12.30 बजे मायावती मंच पर पहुंचीं और उन्होंने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। सभा के बाद 1.30 बजे वे बांसवाड़ा के लिए रवाना हो गईं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: