Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsRajasthanJodhpur Jodhpur

बहुत चुप रह लिए, अब बोलने का समय : नजमा

जोधपुर. भाजपा नेता व राज्यसभा सदस्य नजमा हेपतुल्ला ने देश में बढ़ती आतंककारी घटनाओं के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए कांग्रेस को भी कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, बहुत चुप रह लिए, अब बोलने का समय है। आतंकवाद पहले कश्मीर तक सीमित था, लेकिन अब पूरे हिंदुस्तान में फैल गया है।

हर कोई असुरक्षित है, यह गंभीर मामला है। चुनाव प्रचार के लिए जोधपुर आई नजमा ने रविवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मुझे तो इस बात का अफसोस है कि यह हालत पैदा ही क्यों हुए। मुंबई की घटना ने इंटेलीजेंस को पूरी तरह फेल साबित कर दिया। नजमा ने सवाल पूछा, केंद्र को आतंकी हमलों में पाक का हाथ अब मालूम पड़ा है?

सबूत तो आतंकियों की बोलचाल से ही सामने आ गया। मैं समझती हूं कि भारत को इस मसले को संयुक्त राष्ट्र संघ में उठाना चाहिए। आतंकी हमले पर राज्य सरकारों पर आरोप लगाने के मुद्दे पर नजमा ने कहा, सुरक्षा का मसला केंद्र का है।

अगर राज्य सरकारें इसकी जिम्मेदारी उठाने लगेंगी तो विकास पीछे छूट जाएगा। उन्होंने प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तारीफ करते हुए कहा कि पांच साल के शासन में सरकार ने शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की। किसानों व बेरोजगारों का भी ध्यान रखा। प्रदेश के मदरसों का विकास भाजपा शासन में ही हुआ। कांग्रेस ने 50 साल तक अल्पसंख्यकों के साथ वोट बैंक की राजनीति की।

कांग्रेस पर एसटी-एससी व अल्पसंख्यक की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए नजमा ने कहा कि अब दोनों ही वर्ग इस बात को समझ गए हैं। मुस्लिम वर्ग के व्यक्तियों को टिकट देने में उपेक्षा के बारे में पूछे गए सवाल पर उनका कहना था, यह मजहबी चुनाव नहीं है। अयोध्या को पुराना मुद्दा मानते हुए उन्होंने कहा कि यह मामला कोर्ट में है, जो भी फैसला आएगा वह भाजपा को मंजूर होगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: