|
श्रीगंगानगर. चुनाव आयोग की सख्ती के बाद प्रत्याशी अब खर्चे कम दिखाने के लिए तरह-तरह के जतन करने लगे हैं। सार्दुलशहर के प्रत्याशियों ने भी ऐसा ही किया। किसी ने दस गाड़ी की स्वीकृति लेकर खर्चे में दो ही गाड़ियां बताई तो किसी ने चुनाव कार्यालय खुलना ही नहीं बताया। इन कमियों के सामने आने के बाद चुनाव अधिकारी ने सभी नौ प्रत्याशियों को नोटिस जारी किए हैं। शनिवार को सादरुलशहर क्षेत्र के सभी नौ प्रत्याशियों ने पांच दिनों का खर्चा पेश किया।
इसकी जब प्रशासन द्वारा जारी स्वीकृतियों से जांच की गई तो सामने आया कि एक भी प्रत्याशी इनमें ऐसा नहीं है, जिसने सही खर्चा पेश किया हो। किसी ने चुनावी कार्यालय का खर्चा नहीं दिखाया तो किसी ने प्रचार सामग्री का। दो-तीन प्रत्याशियों ने तो अखबारों में दिए विज्ञापनों का जिक्र ही नहीं किया।
तो कुछ ने जिक्र किया, लेकिन उसकी राशि नहीं बताई। कई प्रत्याशियों ने वाहन व लाउडस्पीकर का ब्यौरा पेश नहीं किया। ऐसे में आरओ अरविंद सारस्वत ने सभी को नोटिस जारी कर सही लेखा-जोखा पेश करने की हिदायत दी है।
कौन आगे, कौन पीछे
हेतराम बेनीवाल, माकपा - 4,55,151 रुपए
गुरजंटसिंह बराड़, भाजपा - 3,24,670 रुपए
संतोष सहारण, कांग्रेस - 2,82,496 रुपए
महेश बुडानिया, निर्दलीय - 1,89,639 रुपए
शमशेरसिंह, बसपा- 1,03,765 रुपए
जगरूपसिंह, निर्दलीय - 79,222 रुपए
रामकुमार, निर्दलीय - 68,681 रुपए
बनवारीलाल, भारतीय बहुजन पार्टी - 9,858 रुपए
कृष्ण गोस्वामी, लोजपा - 6,255 रुपए