|
नई दिल्ली
युवा तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को भारतीय टीम के लिए नायाब तोहफा मानने वाले भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जवागल श्रीनाथ ने सोमवार को कहा कि दिल्ली के इस गेंदबाज ने भारतीय तेज गेंदबाजी की परिभाषा ही बदल दी है।
श्रीनाथ ने ‘गैटोरेड २क्क्९ तेज गेंदबाज प्रतिभा खोज’ कार्यक्रम के अवसर पर कहा कि इशांत में ऐसी बात है जो उन्होंने किसी और में नहीं देखी है। गजब की गेंदबाजी करने वाले इशांत भारतीय तेज गेंदबाजी की नई सनसनी हैं। उम्मीद है कि वे देश को लंबे समय तक अपना योगदान देंगे।
कम उम्र में सीखीं क्रिकेट की बारीकियां :-
श्रीनाथ ने कहा कि इशांत ‘एक्स्ट्रा ऑर्डिनरी’ हैं। उनकी लाइन एवं लेंथ गजब की है। उन्होंने कम उम्र में ही क्रिकेट की बारीकियां सीख ली हैं। उनकी इन खूबियों के चलते मैं उनका कायल हूं।
अपने शबाब पर हैं जहीर :-
श्रीनाथ ने टीम इंडिया में तेज गेंदबाजों के अगुआ जहीर खान की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जहीर अभी अपने शबाब पर हैं। उनका प्रदर्शन काफी जानदार हैं और उन्होंने अपनी गेंदबाजी में बहुत सुधार किया है। वे हर मैच में भारत को बेहतरीन शुरूआत देते हैं। उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भारत को कई सफलताएं दिलाई हैं।
सफलता के सूत्रधार हैं वेंकटेश :-
टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच वेंकेटश प्रसाद के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं कि अभी भारतीय तेज गेंदबाजों को मिल रही सफलता के सूत्रधार वेंकटेश ही हैं। उन्होंने कहा कि वेंकेटश ने अपने अनुभव का इस्तेमाल कर भारतीय तेज गेंदबाजों को संवारा है। उनकी भूमिका शानदार है।
जरूरी है रोटेशन :-
श्रीनाथ ने तेज गेंदबाजों की फिटनेस पर जोर देते हुए कहा कि इसके लिए टीम में रोटेशन पालिसी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इससे तेज गेंदबाजों को विश्राम का पूरा मौका मिल सकेगा और दूसरे नए गेंदबाजों को अपनी प्रतिभा साबित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच मिल भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि अभी हमारे सभी तेज गेंदबाज अच्छा प्रदर्शन कर रहें हैं। लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस पर पूरा ध्यान देने की जरूरत है।