|
News
Metros
Chandigarh Chandigarh लुधियाना चंडीगढ़ की टीम ने 12वीं आल इंडिया महेंद्र प्रताप सिंह मैमोरियल महिला हाकी प्रतियोगिता के खिताब की प्रबल दावेदार पश्चिम रेलवे मुंबई की टीम को मात दे खिताब जीत लिया। पीएयू के पृथीपाल सिंह मैमोरियल हाकी मैदान पर चल रही महिलाओं की एकमात्र राष्ट्रीय स्तरीय ए ग्रेड प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर भी डिपार्टमैंटल टीम के बजाए एमपी अकादमी ग्वालियर की टीम रही।
मैच में शुरु से ही आक्रामक खेल रही चंडीगढ़ की लड़कियों ने बेहतरीन खेल दिखाया। विरोधी टीम की अनुभवी खिलाड़ियों को उन्होंने अपनी फुर्ती और बेहतर गेम प्लान से ऐसा उलझाया कि दूसरे हाफ में तो गत वर्ष विजेता मुंबई की टीम संघर्ष करती नजर आई। टूर्नामैंट की बेहतरीन खिलाड़ी का खिताब पाने वाली मुंबई टीम की अंतरराष्ट्रीय गोलकीपर निशा सिंह ने कई मौकों पर बेहतरीन सेव किए, लेकिन रक्षापंक्ति द्वारा की जा रही गलतियों के चलते वे हार को नहीं टाल सकीं। चंडीगढ़ की सैंटर हाफ मोनिका ने शानदार कप्तानी खेल दिखाते हुए पहले 34वें मिनट में बाएं ओर से तेज हिट और 62वें मिनट में पैनल्टी कार्नर से गोल किए।
जबकि राइट आउट रमनदीप ने 56वें मिनट में लैफ्ट आउट सुप्रीत के पास पर गोल दाग टीम को निर्णायक विजय दिलाई। इससे पूर्व तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में एमपी अकादमी ग्वालियर ने उत्तर पूर्व रेलवे गोरखपुर को एकतरफा मैच में 6-1 से मात दी। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पश्चिम रेलवे की निशा सिंह को 10 हजार और बैस्ट स्कोरर के लिए पश्चिम रेलवे की वनीता और चंडीगढ़ की रितु शर्मा को चुना गया। मैच के दौरान विधानसभा स्पीकर निर्मल सिंह काहलों मुख्यातिथि के तौर पहुंचे, उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजकों को 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार विधायक महेश इंदर सिंह ग्रेवाल, एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग की अमृत कौर गिल, आरएस ग्रेवाल, डीएस ग्रेवाल, भारतीय हाकी टीम के पूर्व कोच बलदेव सिंह आदि उपस्थित थे।