|
नई दिल्ली.
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर मानते हैं कि मुंबई में आतंकी हमला सिर्फ मुंबई पर नहीं बल्कि पूरे भारत पर था। एक ‘निजी टीवी चैनल’ से सोमवार को बातचीत में सचिन ने कहा, हमले की रात वे एक भी पल के लिए सो नहीं सके थे।
सचिन ने कहा, कटक में वनडे क्रिकेट मैच (डे/नाइट) के तुरंत बाद हमें हमले के बारे में पता चला। इस खबर को सुनते ही मैं परेशान हो गया। मैं टीवी पर हमले के भयावह दृश्य देखता रहा। अपने देशवासियों पर बर्बर हमले देखकर मैं बेहद दुखी हुआ और पूरी रात सो नहीं सका। पूरी रात मेरे मस्तिष्क में हमले के चित्र उभरते रहे।
सही मायने में यह सिर्फ हमला सिर्फ मुंबई नहीं, बल्कि भारत राष्ट्र पर था। सचिन ने सुरक्षा कर्मियों को सलाम करते हुए कहा कि बहादुर जवानों और एनएसजी के कमांडो ने अपनी जान पर खेलकर लोगों का जीवन बचाया। इसी प्रकार फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों और होटल स्टाफ ने आम नागरिकों को बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगाई। इन सभी को मैं सलाम करता हूं।