|
भोपाल. व्यावसायिक गैस सिलेंडर के उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। सोमवार से प्रति सिलेंडर की कीमत तीन सौ रुपए कम हो गई है। जो सिलेंडर अभी 1240 रुपए में मिल रहा था वह अब 941 रुपए 62 पैसे में मिलेगा। राजधानी में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की प्रतिदिन करीब दो से ढाई हजार सिलेंडर की खपत होती है।
आइल कंपनियों के अधिकारियों का कहना है कि संभवत: बीस सालों में यह पहला मौका है जब सिलेंडर के भाव में इतनी बड़ी कमी आई है। इधर, महाराणा प्रताप नगर व मिसरोद रोड के अनेक होटलों के मैनेजरों का कहना है कि उन्हें अभी सिलेंडर के भाव में कमी की जानकारी नहीं मिली है, जबकि पुराना शहर के बस स्टैंड क्षेत्र के कुछ होटल व्यवसायियों का कहना है कि सोमवार को रेट कम होने के बावजूद उन्हें हॉकर से पुराने रेट पर ही सिलेंडर मिला। जब उन्होंने सिलेंडर लिया तब भाव कम होने की जानकारी उन्हें नहीं थी। हॉकर ने भी ऐसी कोई जानकारी नहीं दी।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कम कीमतें लागू की जा चुकी हैं। सभी अन्य आसपास के क्षेत्रों में सिलेंडर के भावों में कुछ फर्क परिवहन खर्च के कारण थोड़ा भिन्न रहने की संभावना है। होटल व्यवसायी प्रीतम व परेश नेमा ने रेट कम होने पर खुशी जताते हुए कहा कि रेट बढ़ने का असर उनके व्यवसाय पर पड़ रहा था।
इनका कहना है
सिलेंडर की कीमतों में कमी आने से कालाबाजारी पर अब और रोक लग सकेगी। नए रेट लागू किए जा चुके हैं।
-एमएस रघुवंशी, सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी
जिनके पास पुराना स्टाक है, घाटे के बावजूद उन डीलरों को नए रेट पर ही सिलेंडर की सप्लाई करना होगी। प्रति सिलेंडर करीब तीन सौ रुपए कम हुए हैं।
-अशोक बवेजा, डीलर हिंदुस्तान पेट्रोलियम