|
नई दिल्ली. मुंबई हमले से उपजे जनता के गुस्से से निपटने का कांग्रेस के कुछ रणनीतिकारों ने तोड़ ढूंढ़ निकाला है। हर चौक-चौराहे, ऑफिस-कार्यालयों में इस घटना की चर्चा से आम लोगों का ध्यान बांटने के लिए उन्हें उनके पसंदीदा शौक क्रिकेट में उलझाया जाएगा।
इसके लिए तैयारी हो रही है हमले से घबराकर लौटी इंग्लैंड क्रिकेट टीम को वापस लाने का। रणनीतिकारों का मानना है कि क्रिकेट मैच में मशगूल होने से आम लोग मुंबई का हमला भूल जाएंगे। इंगलैंड टीम राजी हुई तो मैच खेलने भारत आ सकती है। 11 से 15 दिसंबर तक अहमदाबाद में होने वाले टेस्ट मैच को मोहाली में रखने पर भी विचार चल रहा है।
आतंकवाद पर विशेष सत्र की मांग
पार्टी का एक वर्ग चाहता है कि 10 दिसंबर से प्रस्तावित शीतकालीन संसदीय सत्र से पहले या बाद में आतंकवाद पर दो दिनों का विशेष सत्र बुलाया जाए। इस कदम से केंद्र सरकार वोटरों तक आसानी से अपनी बात पहुंचा सकेगी।
पाकिस्तान को करेंगे अलग-थलग
पार्टी की यह भी तैयारी है कि मुंबई की घटना में पाकिस्तान का हाथ होने के पुख्ता प्रमाण अमेरिकी विदेश मंत्री कोंडोलिजा राइस को उनके दौरे के समय देकर विश्व बिरादरी में पाक को अलग-थलग किया जाए। पार्टी को यकीन है कि लोकसभा चुनाव से पहले इन कदमों से काफी कुछ डैमेज-कंट्रोल किया जा सकेगा।